फिरोजाबाद: चूड़ी की झलाई के दौरान महिला आग से झुलसी, हालत गंभीर

फिरोजाबाद।फिरोजाबाद के थाना उत्तर क्षेत्र अंतर्गत जमुना नगर, नई आबादी रहना में शनिवार को चूड़ी की झलाई के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। 30 वर्षीय महिला छाया, जो चूड़ी बनाने का कार्य कर रही थी, मिट्टी के तेल से जलने वाले लैंप के फटने से गंभीर रूप से झुलस गई। काम के दौरान अचानक लैंप का तेल उसके ऊपर गिर पड़ा, जिससे वह आग की लपटों में घिर गई।

सूचना मिलते ही छाया का पति ईश्वर दयाल उसे गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर लेकर पहुँचा, जहाँ उसका इलाज जारी है। डॉक्टरों के अनुसार महिला की हालत अत्यंत नाजुक बनी हुई है।

बताया जा रहा है कि छाया मूल रूप से छिबरामऊ क्षेत्र की निवासी है और वर्तमान में अपने परिवार के साथ जमुना नगर, रहना में रह रही थी। इस दर्दनाक हादसे के बाद से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस को मामले की जानकारी दे दी गई है और आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।

रिपोर्ट-फरमान बबलू फिरोजाबाद।