हरदोई में राज्य मंत्री संजय गंगवार ने अखिलेश यादव पर साधा निशाना, बोले- विदेशी आक्रांताओं की भाषा बोलते हैं, उनके आदर्श औरंगजेब और हुमायूँ

हरदोई पहुंचे गन्ना विकास राज्य मंत्री संजय गंगवार ने रसखान प्रेक्षागृह में विभिन्न विभागों के स्टालों का अवलोकन किया। इसके बाद उत्तर प्रदेश सरकार के 8 साल पूरे होने के अवसर पर सरकार की उपलब्धियां गिनाईं। इस दौरान उन्होंने डबल इंजन की सरकार में उत्तर प्रदेश को कृषि के मामले में नंबर एक बताया।

वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव के बयान? "मुख्यमंत्री जी की पार्टी का टाइम है, इसलिए नवरात्रि पर एक के साथ एक बोतल फ्री दी जा रही है"? पर पलटवार करते हुए संजय गंगवार ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव विदेशी आक्रांताओं की भाषा बोलते हैं। उन्हें भगवान राम के मंदिर जाने में परहेज होता है, काशी विश्वनाथ में बाबा विश्वनाथ के दर्शन करने से कतराते हैं, लेकिन उत्तर प्रदेश के दुर्दांत माफिया मुख्तार अंसारी की कब्र पर जाकर फातिहा पढ़ते हैं।

राज्य मंत्री ने समाजवादी पार्टी पर तंज कसते हुए कहा कि अखिलेश यादव पहले अपने गिरेबान में झांकें। उनके आदर्श विदेशी आक्रांता औरंगजेब और हुमायूँ हैं, और इसी वजह से समाजवादी पार्टी अब समाप्तवादी पार्टी की ओर अग्रसर है।