लड़कियों के फोटो खींचने पर चले लाठी-डंडे लौटी बारात

बरेली। फतेहगंज पूर्वी थाना क्षेत्र के एक गांव में पड़ोस के ही गांव से शुक्रवार की शाम आई बरात में फोटो खींचने को लेकर मारपीट हो गई। जिसमें कई लोग चोटिल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दूल्हा, उसके पिता समेत कई बरातियों पर शांतिभंग की धारा में कार्रवाई की। इस दौरान दूल्हे पक्ष ने दुल्हन पक्ष से मिले सामान को लौटा दिया, और बरात लौट गई थाना क्षेत्र के एक गांव में शाम को बैंडबाजे के साथ बरात चढ़ाई गई। नाश्ते के बाद जब जयमाला के कार्यक्रम की तैयारी चल रही थी। उसी समय दूल्हे पक्ष के लड़कों ने लड़की पक्ष के लड़कियों के फोटो व वीडियो बनाने शुरू कर दिए। इसी बात को लेकर लड़की पक्ष के कुछ लोगों ने एतराज जताया तो दोनों पक्ष में झगड़ा होने लगा। झगड़ा इतना बढ़ गया कि दोनों पक्ष के लोगों में लात घूंसे चलने लगे। इसमें कुछ लोग मामूली रूप से चोटिल भी हो गए। मारपीट होने पर लड़की पक्ष के लोगों ने पुलिस को सूचना दी मौके पर पहुंचे थाना प्रभारी संतोष कुमार ने दोनों तरफ के लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन वह लोग नहीं माने। इसके बाद पुलिस दोनों पक्ष के लोगों को थाने लाई। पूरे दिन दोनों पक्ष के रिश्तेदार समझौता करवाने की कोशिश में लगे हुए थे, लेकिन लड़की पक्ष के लोगों ने शादी करने से इन्कार कर दिया। इसके बाद लड़के पक्ष ने लड़की पक्ष द्वारा दिया गया सामान वापस कर दिया। हालांकि दोनों पक्ष की तरफ से कोई तहरीर नहीं दी गई। थाना प्रभारी संतोष कुमार के अनुसार शादी में झगड़ा हुआ था इसलिए शांतिभंग में कार्रवाई की गई है।