मैथ्स माइंड प्रतियोगिता में पी.एम.एस. पब्लिक स्कूल ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता

आर्यंस इंटरनेशनल स्कूल में सत्यप्रकाश गुप्ता मेमोरियल मैथ्स माइंड एवं स्नेह प्रभा गर्ग वाद-विवाद प्रतियोगिता का भव्य आयोजन

शनिवार को आर्यंस इंटरनेशनल स्कूल, मुरादाबाद में सत्यप्रकाश गुप्ता मेमोरियल मैथ्स माइंड एवं स्नेह प्रभा गर्ग वाद-विवाद प्रतियोगिता एवं पुरस्कार वितरण समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में मुरादाबाद शहर के सीबीएसई से संबद्ध करीब 25 विद्यालयों के विद्यार्थियों ने भाग लिया।प्रतियोगिता में भाग लेने वाले प्रमुख विद्यालयों में एस.एस. चिल्ड्रन एकेडमी कांठ रोड, सिविल लाइंस, सेंट मीरा अकैडमी, पी.एम.एस. पब्लिक स्कूल, विलसोनिया, मॉडर्न पब्लिक स्कूल, आर्यंस इंटरनेशनल स्कूल, शिरडी साईं विंग 1 और 2, मिलेनियम वर्ल्ड स्कूल, बोनी एनी, क्रिप्टन पब्लिक स्कूल, राजेंद्रा अकैडमी, एस.बी.एस. सीनियर सेकेंडरी स्कूल बिलारी, पुलिस मॉडर्न स्कूल, गांधीनगर पब्लिक स्कूल, केसीएम, ग्रीन मेडोज, एडम एंड ईवस कान्वेंट स्कूल, सेंट पॉल स्कूल रामपुर आदि विद्यालयों के छात्र-छात्राएं उपस्थित थे।

कार्यक्रम का शुभारंभ निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. हरवंश दीक्षित,राजीव रंजन रॉय और विद्यालय के प्रधानाचार्य डॉ. हेमंत कुमार झा द्वारा संयुक्त रूप से मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलित करके किया गया। प्रधानाचार्य डॉ. हेमंत कुमार झा ने स्वागत भाषण प्रस्तुत किया। तत्पश्चात, रुना रॉय ने वाद-विवाद प्रतियोगिता के नियमों से अवगत कराया।

वाद-विवाद का विषय था - क्या किशोरों के साथ वयस्कों जैसा व्यवहार और परीक्षण किया जाना चाहिए इस विषय पर छात्रों ने अपने विचारों को खुलकर प्रस्तुत किया। यह विषय वर्तमान समय में अत्यधिक प्रासंगिक था, क्योंकि युवा पीढ़ी जिस दिशा में बढ़ रही है, उसमें यह विचारणीय बन गया है। छात्रों ने यह भी चर्चा की कि कभी-कभी मानव समझ की कमी के कारण गंभीर अपराध हो जाते हैं, और कुछ लोग जानते हुए भी गलत कार्य करते हैं। इस पर सवाल उठाया गया कि क्या दोनों को समान सजा मिलनी चाहिए, या उनकी उम्र और समझ को ध्यान में रखते हुए सजा का निर्धारण किया जाना चाहिए।

वाद-विवाद प्रतियोगिता के बाद मैथ्स माइंड और अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रतिभागियों को विद्यालय के निदेशक राहुल रस्तोगी, मैनेजमेंट कमेटी के सदस्य वरुण गुप्ता, निर्णायक मंडल के सदस्य हरवंश दीक्षित, राजीव रंजन रॉय, और पी.एम.एस. विद्यालय के प्रधानाचार्य मैथ्यू पी.एल. चरिन ने ट्रॉफी और प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया।

अंग्रेजी वाद-विवाद प्रतियोगिता में गोल्डन गेट पब्लिक स्कूल की छात्रा आर्या कौशिक को प्रथम स्थान, सेंट मैरी सिविल लाइंस की छात्रा अरिफा खान को द्वितीय स्थान और आर.एस.डी. अकैडमी की डोना शर्मा को तृतीय स्थान प्राप्त हुआ। रोलिंग ट्रॉफी पर गोल्डन गेट पब्लिक स्कूल का कब्जा रहा।

मैथ्स माइंड प्रतियोगिता में पी.एम.एस. पब्लिक स्कूल ने ओवरऑल चैंपियन का खिताब जीता।

सत्यप्रकाश गुप्ता मेमोरियल मैथ्स माइंड प्रतियोगिता में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी शयान अकबर, वेदांश, मानस कुमार, शिवांश बंसल, काशवी चौधरी, असित चौहान, और अदिना नौशाद रहे। द्वितीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी आरब गर्ग, रोहन शर्मा, हर्ष पांडे, कृष्णा वर्मा, अर्श अग्रवाल, खंजा अली खान, आदित्य अग्रवाल, कृषिका चहल और प्रखर रहे। तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थी शिवांश चौहान, हिमांशु कश्यप, अंश मेहरोत्रा, अनाहिता गुप्ता, तारिणी टंडन, सृष्टि सिंह, तुषार, अभी चौधरी, देव सक्सेना, शायरिस अग्रवाल और अथर्व पुगला रहे।

निर्णायक मंडल के सदस्य डॉ. हरवंश दीक्षित ने छात्रों को संबोधित करते हुए कहा कि आज के समय में वाद-विवाद अत्यधिक आवश्यक है, क्योंकि इसके माध्यम से हम समाज में सही और गलत के बारे में समझ प्राप्त कर सकते हैं और उचित निर्णय ले सकते हैं। वहीं, राजीव रंजन रॉय ने कहा कि वर्तमान में हमें हिंदी के साथ-साथ अंग्रेजी भाषा का ज्ञान भी आवश्यक है और उन्होंने वाद-विवाद की बारीकियों से छात्रों को अवगत कराया।

प्रधानाचार्य डॉ. हेमंत कुमार झा ने प्रतियोगिता के उद्देश्य को बताते हुए कहा कि हम छात्रों को समसामयिक मुद्दों पर खुलकर बोलने का अवसर प्रदान करते हैं, क्योंकि आने वाले भारत का भविष्य इन्हीं छात्रों के हाथों में है। इस प्रकार की प्रतियोगिताओं के माध्यम से बच्चों को न केवल एक मंच मिलता है, बल्कि उनके आत्मविश्वास में भी वृद्धि होती है और वे अपने विचारों को प्रभावी रूप से व्यक्त कर पाते हैं।

कार्यक्रम का संचालन छात्रा अपूर्वा त्रिपाठी ने किया।

इस अवसर पर उप प्रधानाचार्य नितिन रस्तोगी, डॉ. मंजू सिंह,रुना रॉय, शालिनी अरोड़ा, शिल्पी बंसल, हर्षि शर्मा, चेतना सभरवाल, कबीर, विकास राय, सारिका, प्रियंका और रजनी शर्मा प्रमुख रूप से उपस्थित थे।