नहर किनारे झाड़ियों में मिला महिला का क्षत विक्षत शव

नहर किनारे झाड़ियों में मिला महिला का क्षत विक्षत शव।
शव की नहीं हो सकी पहचान।
पुलिस ने शव का पंचनामा भर भेजा पोस्टमार्टम हाउस।
बिछवां,
थाना क्षेत्र के एक गांव के नजदीक नहर के किनारे झाड़ियों में एक महिला का शव प्लास्टिक की बोरी में बंद मिला। चरवाहों ने शव पड़े होने की जानकारी थाना पुलिस को दी। थाना पुलिस सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची और बोरे को खुलवाया तो महिला की लाश बरामद हुई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया। समाचार लिखे जाने तक शव की पहचान नहीं हो सकी थी।
बताते चलें कि रविवार को गांव किन्हावर के लोग नहर किनारे अपने पशु चरा रहे थे। तभी दोपहर १२ बजे के लगभग उन्हें झाड़ियों से बदबू आती मालूम पड़ी तो जाकर देखा तो झाड़ियों में एक प्लास्टिक की बोरी पड़ी थी जिससे बदबू आ रही थी। बोरी मे शव होने की आशंका पर उन्होंने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अवनीश त्यागी मयफोर्स घटनास्थल पर पहुंचे और उस बोरे को झाड़ियों से निकलवाकर खुलवाया तो दंग रह गए। बोरे में एक महिला का शव क्षत-विक्षत अवस्था में था। जिसके शरीर में कीड़े पड़ चुके थे। शव लगभग पांच, छह दिन पुराना प्रतीत हो रहा था। शव का सिर कुचला हुआ मालूम पड़ रहा था जो काला पड़ चुका था। शरीर पर लोअर और कुर्ती थी। महिला की उम्र लगभग चालीस वर्ष के आस पास लग रही थी। घटनास्थल पर शव पड़े होने की सूचना पर भारी भीड़ उमड़ी पर शव की पहचान नहीं हो सकी। आशंका है कि महिला की हत्या कर शव को बाहर से लाकर यहां डाला गया है। सूचना पाकर मौके पर सीओ भोगांव सत्य प्रकाश शर्मा भी पहुंचे और जानकारी ली। फोरेंसिक टीम व डांग स्काट की टीम ने भी घटना स्थल पर पहुंच कर छानवीन की।
थानाध्यक्ष अवनीश त्यागी का कहना है कि शव कई दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। शव की पहचान नहीं हो सकी है। अन्य जनपदों को भी शव मिलने की जानकारी दी गई है। शव को पहचान के लिए अभी मोर्चरी में रखवाया गया है।