हरदोई में सांप के काटने से किसान की मौत, देर रात सोते समय हुई घटना, पत्नी और बच्चों के आगे पालन-पोषण का संकट

हरदोई। लोनार थाना क्षेत्र में देर रात सोते समय एक किसान को सांप ने काट लिया। जिससे किसान की दर्दनाक मौत हो गई। जैसे ही घरवालों को पता चला तो कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया हैं। मृतक के 7 बच्चे है जिसमें 6 लड़कियां है।
जानकारी के अनुसार लोनार थाना क्षेत्र के गढ़िया झब्बू में बृजकिशोर कुशवाहा रहता था। जो खेती बाड़ी करके अपने परिवार का पालन-पोषण करता था। रोज की तरह वह घर में लेटा हुआ था। तभी देर रात उसे सांप ने काट लिया। जिससे उसकी रात में ही दर्दनाक मौत हो गई। परिजनों को जैसे ही घटना के बारे में पता चला तो कोहराम मच गया। आनन-फानन में गांव के लोग बृजकिशोर के घर पहुंचने लगे। लोगों ने उसे डॉक्टर को दिखाया तो डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक के 7 बच्चे है जिसमें एक नाबालिग लड़का और 6 लड़कियां है। दो लड़कियां विवाहित है जबकि चार अविवाहित हैं। इस घटना से मृतक के परिवार के आगे पालन पोषण का संकट खड़ा हो गया हैं। पत्नी बच्चों समेत पूरे परिवार का रो- रोकर बुरा हाल हैं।