हरदोई में सरकार की व्यवस्था पर टिप्पणी करने वाला लेखपाल निलंबित, ऑडियो हुआ था वायरल, DM बोले- सभी बाढ़ प्रभावितों को पहुंचायी जा रही है सहायता

हरदोई में बाढ़ पीड़ितों को दी जा रही व्यवस्थाओं का पोल खोलते एक ऑडियो लेखपाल का वायरल हुआ था। जिसके बाद एसडीएम ने लेखपाल को सस्पेंड कर दिया है। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बताया कि अब तक कुल 13698 लोगों को लंच पैकेट दिया गया है।

बाढ़ को लेकर जिलाधिकारी ने बताया कि जनपद में गर्रा नदी में आयी बाढ़ में लोगों को प्रशासन की ओर से विभिन्न प्रकार की सहायता पहुँचायी जा रही है। प्रभावितों की सहायता के लिए मजरे वार लेखपालों की तैनाती की गयी है। आज की अंतिम सूचना के अनुसार कुल 133 ग्राम बाढ़ से प्रभावित हैं। जनपद में अब तक 105 शरणालयों की स्थापना की गयी है, जहाँ प्रभावितों के रहने व खाने की व्यवस्था की गयी है। 48 बाढ़ चौकियों की स्थापना की गयी है। प्रशासन की ओर से 64 नावों व 16 मोटर बोट की व्यवस्था की गयी है। एनडीआरएफ की टीम लगातार लोगों की सहायता कर रही है। कुल 85 मेडिकल टीमें गठित की गयी हैं। कुल 9920 लोगों को उपचारित किया गया है। ऐसे परिवार जो खाना पकाने में सक्षम नहीं हैं, उनको पका हुआ भोजन दिया जा रहा है। बाढ़ प्रभावितों को खाद्यान्न सामग्री के कुल 900 पैकेट उपलब्ध कराये गए। 650 डिग्निटी किट वितरित की गयी। जनपद के सभी प्रभावित लोगों में कुल 56 पशुपालन विभाग की टीमें लगी हुई हैं। अब तक कुल 13698 लोगों को लंच पैकेट दिया गया। आज तक कुल 20266 लोगों को ओआरएस पैकेट दिया गया। 21870 केलोरीन टैबलेट वितरित करवाई गयी। आज अपरान्ह 5:00 बजे तक जनपद में कुल 95 पशु चिकित्सा शिविर लगाए गए। बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में आज कुल 4652 पशुओं का उपचार किया गया। 21126 पशुओं का टीकाकरण किया गया। पशुओं हेतु कुल 33 कुंतल भूसे का वितरण कराया गया।

बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री के नाम पर चल रही खानापूर्ति के संबंध में परियल हंसुआ क्षेत्र में तैनात लेखपाल राजीव मिश्रा का एक ऑडियो वायरल हुआ था। वायरल ऑडियो में लेखपाल कह रहा था कि राहत सामग्री को लेकर सरकार की कोई व्यवस्था नहीं है। शाहाबाद में तैनात एक लेखपाल से बाढ़ पीड़ित ने फोन पर खाने की व्यवस्था को लेकर बात की तो, लेखपाल ने सरकार की व्यवस्था न होने की बात कह दी। फोन करने वाले बाढ़ प्रभावित ने इसकी मोबाइल में रिकॉर्डिंग कर ली। इसके बाद ऑडियो को वायरल कर दिया। वायरल ऑडियो में लेखपाल फोन पर कह रहा है कि डीएम के निरीक्षण में 500 पैकेट चले गए हैं, अब कोई व्यवस्था नहीं है। लेखपाल शाहाबाद तहसील के पिपरिया के परियल हंसुआ क्षेत्र में तैनात राजीव मिश्रा थे। जिनको शाहाबाद एसडीएम पूनम भास्कर ने निलंबित कर दिया है और विस्तृत जांच के आदेश दिए हैं।