पदुमपुर बाजार में असली किन्नरों ने नकली किन्नर को पकड़ा

आलापुर (अम्बेडकर नगर) | रविवार को पदुमपुर बाजार में एक नकली किन्नर को असली किन्नरों ने पकड़कर जमकर पिटाई की। बताया जाता है कि लगभग पाँच माह से नकली किन्नर द्वारा वसूली और नेक मांगने का कार्य किया जा रहा था। जब इस बात की सूचना संध्या किन्नर को लगी तो उन्होंने योजना बनाकर उसे पकड़ा।

पदुमपुर और राजेसुल्तानपुर क्षेत्र में नकली किन्नर बनकर घूमने तथा लोगों को नेक मांगने के नाम पर परेशान कर रहा था। इसे पकड़ने के लिए असली किन्नरों ने अपना मुखबिर लगा रखा था। रविवार को पदुमपुर बाजार में नकली किन्नर नेक वसूली का कार्य कर रहा था। इसी बीच राजेसुल्तानपुर और पदुमपुर की किन्नर संध्या,शबनम,मंजू,रेखा किन्नरों ने उसकी जम कर धुनाई करना शुरू कर दी। नकली किन्नर से पूछताछ में उसने बताया कि उसका नाम विशाल आयु लगभग 28 वर्ष है तथा जनपद आजमगढ़ के भीमबर चांदपट्टी के हैदराबाद गांव का निवासी है। वह महिलाओं के वस्त्र पहनकर कई दिनो से अनेक क्षेत्रों में वसूली कर रहा है।