हरदोई में बाइक से कीचड़ पड़ने पर दो पक्षों में हुआ विवाद, आमने सामने आए लोगों में चले ईंट पत्थर, एक दर्जन लोग हुए घायल, पुलिस जांच में जुटी

हरदोई। बेनीगंज थाना क्षेत्र में बाइक निकालने पर एक युवक के ऊपर कीचड़ पड़ गया। जिसके बाद दो पक्षों में कहासुनी और मारपीट हो गई। पथराव होने में दो समुदायों के एक दर्जन लोग घायल हुए है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने सभी घायलों को सीएचसी कोथावां में भर्ती कराया। जिनको गंभीर अवस्था में मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।

जानकारी के अनुसार बेनीगंज थाना क्षेत्र के कल्याणमल निवासी सूरज मिश्रा अपनी बाइक से घर जा रहा था। तभी रास्ते में नाली से उसने बाइक निकाली। जिससे कीचड़ उछलकर फैजल के ऊपर पड़ गया। इसके बाद दोनों में कहासुनी होने लगी। फिर क्या था कि बात इतनी आगे बढ़ी कि दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग आमने सामने आ गए। देखते ही देखते दोनों पक्षों से ईंट-पत्थर चलने लगे। जिसमें दोनों पक्षों के एक दर्जन लोग घायल हुए है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को सीएचसी कोथावां में भर्ती कराया। जिनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने सभी को मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया है। जहां उनका गंभीर अवस्था में इलाज चल रहा है। दो समुदायों के विवाद को देखकर भारी संख्या में पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है।

एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि कल्याणमल में दो पक्षों के बीच विवाद हो गया। जिसमें ईंट-पत्थर चलने से एक दर्जन लोग घायल हुए है। जिनको इलाज के लिए सीएचसी कोथावां में भर्ती कराया गया। मौके पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस फोर्स को तैनात किया गया है। मामले में दोनों पक्षों की तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।