हरदोई में एलपीजी सिलेंडर में आग लगने से हुआ ब्लास्ट, भर भराकर मलबे में तब्दील हुआ मकान, परिवार के लोगों के दूसरे मकान में होने से अनहोनी टली

हरदोई। कासिमपुर क्षेत्र में एक घर के अंदर एलपीजी सिलेंडर में आग लग गई, इसके बाद सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। घरेलू गैस सिलेंडर में ब्लास्ट होने के बाद पूरा मकान मलबे में तब्दील हो गया। घटना के वक्त मकान में परिवार का कोई भी सदस्य नहीं था। जिसकी वजह से एक बड़ी घटना होने से बच गई।

जानकारी के अनुसार कासिमपुर थाना क्षेत्र के जखौरा में घर के अंदर रखें गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते सिलेंडर फट गया, सिलेंडर फटने के कारण पूरी तरह से मकान क्षतिग्रस्त हो गया है। हादसे में पीड़ित का लगभग डेढ़ लाख रुपए का नुकसान हुआ है। पीड़ित अरुण अपने परिवार के साथ मिलकर दूसरे मकान पर गया था, जहां पर निर्माण कार्य चल रहा था। जिससे उनका पूरा परिवार घटना के दौरान वहां मौजूद नहीं था। जिससे किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है।

अरुण ने बताया वो परिवार के साथ मकान में निर्माण कार्य करा रहा था, उसी दौरान दूसरे घर में रखे सिलेंडर में अचानक आग लग गई। आग लगने के कारण सिलेंडर फट गया। धमाका इतनी तेज था कि आसपास के लोग डर और सहम गए। धमाके से पूरा मकान ध्वस्त हो गया। मकान के मलबे में कीमती सामान भी दब गया। आग लगने के कारण घर का गृहस्थी का सामान दो सिलाई मशीन, चारपाई बर्तन बैटरी आदि भी जल कर राख हो गया। हालांकि ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया है। पीड़ित के मुताबिक अभी करीब डेढ़ लाख रुपए के नुकसान का आंकलन कर सके है। थानाध्यक्ष राम लखन ने बताया कि घटना की जानकारी है, किसी प्रकार की कोई जनहानि नहीं हुई है। पुलिस द्वारा घटनास्थल का जायजा भी लिया जा चुका हैं।