हरदोई पहुंचे अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार पर जमकर साधा निशाना, बोले- यह सरकार गरीबों का नहीं करोड़पति मित्रों का कर्ज़ माफ करती है, गठबंधन सरकार बनने पर गरीबों को फ्री में मिलेगा आटा और डाटा

हरदोई पहुंचे अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार पर जमकर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि यह पेपर लीक सरकार है,इस सरकार में किसानों,युवाओं और महिलाओं के साथ छलावा किया गया। वैक्सीन के नाम पर भाजपा ने लोगों की जान से खिलवाड़ किया। अब तो दिल्ली वालों ने वैक्सीन के सर्टिफिकेट से अपनी फोटो भी हटा ली है। भाजपा सरकार ने करोड़पति मित्रों के कर्ज को माफ किया और गरीब किसानों के साथ छल किया है। भाजपा सरकार सेना में भर्ती के नाम पर अग्निवीर योजना लाई है, जिसे इंडिया गठबंधन की सरकार आने पर खत्म किया जाएगा। उन्होंने कहा कि गठबंधन की सरकार बनने पर पौष्टिक आटा और डाटा फ्री में दिया जाएगा।
हरदोई के सांडी और संडीला में पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इंडिया गठबंधन के प्रत्याशियों के पक्ष में जनसभा करने पहुंचे। जहां उन्होंने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए दोनों प्रत्याशियों हरदोई से ऊषा वर्मा और मिश्रिख से संगीता राजवंशी को जिताने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस बार प्रदेश की जनता भाजपा सरकार से नाराज है। इन लोगों ने पेपर लीक कराकर युवाओं को धोखा दिया। प्रदेश के 60 लाख युवाओं के साथ छल किया है,उनके परिवार में तीन-तीन सदस्य है तो उनके साथ भी छल किया है। इस तरह उत्तर प्रदेश की 1.80 करोड़ जनता इनकी नीतियों से नाराज है। जिससे बीजेपी का हर लोकसभा में 2.5लाख वोट कम हुआ है। इसी तरह एमएसपी न लागू होने से किसान नाराज है,महिलाएं सुरक्षित नहीं है। इंडिया गठबंधन की सरकार आने पर किसानों के लिए एमएसपी,गरीब परिवार की महिलाओं को पेंशन दी जाएगी। युवाओं को नौकरी और बेरोजगारों को पेंशन के साथ प्रशिक्षण और नौकरी दी जाएगी। प्रदेश की जनता को बढ़ाकर राशन और पौष्टिक आटा के साथ डाटा भी दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि ये सरकार गरीबों का नहीं करोड़पति मित्रों का कर्ज़ माफ करती है। इंडिया गठबंधन की सरकार आने पर गरीबों के कर्ज़ को माफ किया जाएगा। सपा अध्यक्ष पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि सरकार में आने पर अग्निवीर योजना को खत्म कर देंगे और फिर से परमानेंट व्यवस्था को बहाल करेंगे। इसके साथ ही सपा मुखिया ने प्रदेश के सरकारी विभागों में ठेका और पट्टा व्यवस्था को खत्म करके स्थायी व्यवस्था लागू करने की बात कही हैं।