सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा ने बीजेपी पर साधा निशाना, बोले- महंगाई और बेरोजगारी से जनता है परेशान, समाजवादी पार्टी हरदोई और मिश्रिख दोनों सीटे जीतने जा रही है

हरदोई। सपा कार्यालय पर मासिक बैठक में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा पहुंचे, जहां उन्होंने सपा की हरदोई एवं मिश्रिख सीट जीतने का दावा किया है। उन्होंने कहा कि बेरोजगारी और महंगाई से जनता त्रस्त है। इस बार जनता भारतीय जनता पार्टी को उखाड़ कर फेक देगी। जब उनसे समाजवादी पार्टी में टिकट वितरण के बाद प्रत्याशी बदलने की बात की गई तो उन्होंने कहा कि यह पार्टी नेतृत्व का फैसला है। इसमें जो कार्यकर्ताओं की राय होती है उसी के हिसाब से फैसला लिया जाता है।

हरदोई में सपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरणमय नंदा मासिक बैठक में पहुंचे, जहां उन्होंने कार्यकर्ताओं में जोश भरने का काम किया। उन्होंने कहा कि हरदोई और मिश्रिख दोनों सीट समाजवादी पार्टी जीतने जा रही है। महिलाओं को टिकट देकर समाजवादी पार्टी ने आधी आबादी को आगे बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि इस बार भारतीय जनता पार्टी की सरकार को जनता उखाड़ फेंकेगी। जनता में महंगाई और बेरोजगारी को लेकर आक्रोश है। सीबीआई, ईडी को विपक्ष के नेताओं की घेराबंदी के लिए लगा दिया गया है, जो विपक्ष के नेताओं को परेशान कर रही है और चुने हुए मुख्यमंत्री को जेल भेजने का काम कर रही है। इस बार जनता यूपी से भारतीय जनता पार्टी का सूपड़ा साफ कर देगी। जिससे महंगाई और भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। आज उत्तर प्रदेश में गुंडई चरम पर है, यहां की जेल में भी कैदी सुरक्षित नहीं है। जब उनसे सवाल किया गया कि समाजवादी पार्टी टिकट वितरण करने के बाद प्रत्याशी बदल रही है, जिससे टिकट कटने वाले प्रत्याशियों में आक्रोश है और वह पार्टी का विरोध कर रहे हैं। इस पर उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतांत्रिक तरीके से चलती है, यहां कार्यकर्ताओं के फीडबैक पर टिकट दिया जाता है, जहां पर कोई गलती होती है वहां पर बदलाव किया जाता है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी लोकतंत्र में विश्वास रखती है जो सैद्धांतिक रूप से कार्य करती है। भारतीय जनता पार्टी में दो लोगों का राज चलता है अमित शाह और नरेंद्र मोदी जिसे चाहते हैं उसे टिकट देते हैं।