खेरागढ़ में हूई चोरी की घटना से पीड़ित दुकानदारों से मिले विधायक, जल्द खुलासे के दिए निर्देश



सुमित गर्ग खेरागढ़।रविवार सुबह थाना खेरागढ़ क्षेत्र में अज्ञात चोरों ने थाने से सटी दुकानों में चोरी की घटना को अंजाम दे दिया था। जिसमें वह परचून व्यवसाई महेश गोयल की दुकान से करीब 51 हजार रूपये की नगदी व अन्य सामान, मिष्ठान व्यवसाई सुशील बंसल की दुकान से करीब 12 सौ रुपयों की नगदी चुरा ले गए और अग्रवाल मिष्ठान भंडार की दुकान का ताला तोड़ने की कोशिश की जिसमें अज्ञात चोर असफल रहे। इस घटना से कस्बा व्यापारी आक्रोशित हैं।
उपस्थित लोगों ने कहा कि चोरों की हिम्मत इतनी अधिक बढ़ गई है कि मुख्य चौराहों पुलिस थाने के नजदीक स्थित दुकानों में भी वे घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं। इसके कारण दुकानदारों क्षेत्रवासियों की परेशानी बढ़ती जा रही है।
घटना की जानकारी पर क्षेत्रीय विधायक भगवान सिंह कुशवाहा पीड़ित व्यापारियों से मिलने उनके प्रतिष्ठानों पर पहुंचे और पीड़ित दुकानदारों से संपूर्ण घटना की जानकारी ली। विधायक भगवान सिंह कुशवाहा ने थाना प्रभारी देवकरण सिंह को घटना के जल्द खुलासे के निर्देश दिए। थाना प्रभारी देवकरण सिंह ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों की मदद ली जा रही है। चोरी की घटना का जल्द खुलासा किया जाएगा।