दो पक्षों में मारपीट का वीडियो वायरल, घर के सामने गाली देने पर शुरू हुआ विवाद, एक दूसरे के साथ महिलाओं पर भी बरसाए गए डंडे

हरदोई। देहात कोतवाली क्षेत्र में एक मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें महिलाएं और पुरूष एक दूसरे से मारपीट करते हुए दिख रहे है। एक पक्ष पर महिलाएं और पुरूष लाठी डंडे से हमलावर है जबकि दूसरा पक्ष शोरगुल मचा रहा है।
बताते चलें कि कोतवाली देहात क्षेत्र के रामनगर निवासी सरोजिनी ने पुलिस से शिकायत की है। जिसमें उनका आरोप है कि उसके घर के सामने रामाधार, शेरू और अनुराग गाली गलौज कर रहे थे। जिसका उसने विरोध किया तो लाठी डंडे से लैस दबंगों ने घर में घुसकर उसके साथ मारपीट की है। जिसमें पीड़िता सरोजिनी और उसके परिजन घायल हुए है। मामले में शिकायत करने के बाद भी पुलिस पर कोई कार्यवाही न करने का आरोप है। इसी बीच सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ है। जिसमें कुछ युवक और महिलाएं एक दूसरे पर हमलावर है। इस दौरान लाठी डंडे से लैस दबंग गाली गलौज करते हुए एक परिवार को पीट रहे है। वीडियो में महिलाएं शोरगुल मचा रही है और खुद को बचाने में जुटी है लेकिन हमलावर उनको पीटने से बाज नहीं आते है। इस तरह का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस जांच में जुटी है।
इस संबंध में सीओ सिटी अंकित मिश्रा ने बताया कि कोतवाली देहात के बरनई में मारपीट की घटना हुई है। जिसमें एक पक्ष के द्वारा दूसरे पक्ष के घर के सामने गाली गलौज किया जा रहा था। इसके बाद यह विवाद शुरू हुआ। उक्त प्रकरण में तहरीर प्राप्त कर सुसंगत धाराओं में अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है। इसमें अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।