सीडीओ ने बावन में आरआरसी सेंटर और उच्चतर प्राथमिक विद्यालय का किया निरीक्षण, गंदगी पाए जाने पर सचिव को दिया नोटिस, ग्राम चौपाल में फरियादियों की सुनी समस्याएं

हरदोई। मुख्य विकास अधिकारी सौम्या गुरूरानी ने बावन ब्लॉक का निरीक्षण किया। जहां उन्होंने फरियादियों की शिकायत को सुनकर निस्तारण के निर्देश दिए। साथ ही आरआरसी सेंटर और उच्चतर प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। आरआरसी सेंटर पर गंदगी पाए जाने पर सचिव को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

मुख्य विकास अधिकारी सौम्या गुरुरानी ने बावन ब्लॉक में ग्राम चौपाल को लगाया। जहां पर उन्होंने फरियादियों की समस्याओं को सुनकर निस्तारण के निर्देश दिए। बावन के उच्चतर प्राथमिक विद्यालय का निरीक्षण किया और पढ़ाई व्यवस्था को देखा। उसके बाद आरआरसी सेंटर बावन का निरीक्षण किया। आरआरसी सेंटर बावन के निरीक्षण के समय साफ सफाई की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई। इस पर उन्होने सचिव सुनील यादव को कारण बताओं नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। आरआरसी सेंटर बावन पर तैयार की जा रही कम्पोस्ट खाद की पैकेटिंग कराकर उसका विक्रय करने के निर्देश दिए, ताकि ग्राम पंचायत की आय में वृद्धि हो सके। इसके साथ ही मुख्य विकास अधिकारी ने केंद्र पर कूड़ा निस्तारण की स्थिति का अवलोकन किया और डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के निर्देश दिए। तदोपरांत उच्चतर प्राथमिक विद्यालय बावन का निरीक्षण करते हुए शैक्षिक गुणवत्ता को परखा। साथ ही उन्होंने रसोई घर एवं शौचालय का निरीक्षण कर आधारभूत सुविधाओं को देखा। निरीक्षण के समय खंड विकास अधिकारी डॉ. राम प्रकाश, पशु चिकित्सा अधिकारी डॉक्टर बीपी सिंह तथा मध्यान्ह भोजन अधिकारी मयंक त्रिपाठी साथ में उपस्थित रहे।