दो महिलाओं से दिनदहाड़े हुई टप्पेबाजी की वारदात, ई -रिक्शा में सवार होकर रिश्तेदारी में जा रही थी, शक के दायरे में कुछ दूरी पर उतरी तीन महिलाएं, पुलिस जांच में जुटी

हरदोई। संडीला इलाके में दो महिलाओं से टप्पेबाजी की वारदात हुई है। जिसमें टप्पेबाजों ने पीड़िता और उसकी भतीजी के आभूषणों पर हाथ साफ किए है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

बताया गया कि बघौली थाना क्षेत्र के सेमरा खुर्द निवासी पूनम अपनी भतीजी चांदनी के साथ रिश्तेदारी में जा रही थी। दोनों ने मल्हेरा के पास से बहादुरपुर गांव जाने के लिए ई -रिक्शा पकड़ा। दोनों महिलाएं ई - रिक्शा पर सवार होकर कुछ दूरी पहुंची। इसी बीच तीन महिलाएं 100 कदम दूर भगवान बुद्ध इंटर कॉलेज के पास उतर गई। इसके बाद पीड़िता की भतीजी ने देखा कि उसका व चाची का पर्स खुला है। यह देखकर दोनों चाची और भतीजी के होश उड़ गए। जब पीड़िता ने पर्स देखा तो उसमें से एक जोड़ी पायल व कमर बिछुआ गायब था। साथ ही पीड़िता की भतीजी के पर्स से चांदी की एक जोड़ी पायल,कमर बिछुआ,सोने की नथुनी व मांग टीका गायब था। इस वारदात के बाद महिलाओं ने शोर मचाया। इसके बाद आसपास के लोगों की भीड़ जमा हो गई और लोगों में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

एएसपी पश्चिमी मार्तंड प्रकाश सिंह ने बताया कि संडीला थाना क्षेत्र में दो महिलाएं ई रिक्शा से रिश्तेदारी में जा रही थी। इसी बीच उनके साथ टप्पेबाजी की वारदात हुई है। सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुटी है। मामले में तहरीर के आधार पर विधिक कार्रवाई की जायेगी।