मेधांश हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान दो महिलाओं की मौत परिवार ने लगाया लापरवाही का आरोप

बरेली। बदायूं रोड स्थित मेधांश हॉस्पिटल में प्रसव के दौरान दो महिलाओं की मौत से हड़कंप मच गया। परिजनों ने अस्पताल की लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। घटना की सूचना पर थाना सुभाष नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। अस्पताल प्रशासन का कहना है दोनों ही मामले सीरियस थे, दो महिला प्रसव के लिए आई थीं। जिनके पेट में ही बच्चे ने दम तोड़ दिया था। इस कारण उनमें सेप्टिक फैल गया जिससे उनकी मौत हो गई। थाना कैंट क्षेत्र के चनहेटी निवासी अंकुर ने अपनी गर्भवती पत्नी को तीन दिन पहले मेधांश अस्पताल में भर्ती कराया था। एक दिन पहले उसके बच्चे की मौत हो गई थी। मंगलवार को सुबह चार बजे उसकी पत्नी की भी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि अस्पताल की लापरवाही से उसकी पत्नी की मौत हो गई। वहीं दूसरी ओर अस्पताल में दूसरी मौत सिरौली के शिवपुरी निवासी महेश की पत्नी मिथलेश की सोमवार को रात में हो गई थी। उसकी पत्नी भी अस्पताल में प्रसव के लिए आई थी। बताया जा रहा है उसके भी मरा हुआ बच्चा हुआ था। जिसके बाद परिजनों ने हंगामा कर दिया। काफी देर तक हंगामा होता रहा। घटना की सूचना पर सुभाष नगर पुलिस मौके पर पहुंच गई। लोगों को शांत कराया गया। इस दौरान एक महिला के परिजन शव लेकर चले गए। वही दूसरी महिला के शव को पुलिस ने पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस मामले में अस्पताल की डॉक्टर वृन्दा जौहरी ने बताया दोनों ही महिलाओं के पेट में मरे हुए बच्चे थे। जिस कारण उनके शरीर में जहर फैल गया। प्रियंका के हीमोग्लोबिन की कमी थी, बाद में जहर फैल गया था। सेप्टिक की वजह से दोनों की मौत हो गई। अस्पताल पर लगा लापरवाही का आरोप गलत है।