धम्म यात्रा के लिए डॉक्टर आरपी मौर्य ने हरी झंडी दिखा कर रवाना किया

ऊंचाहार,रायबरेली।पांच दिवसीय धम्मयात्रा के लिए नगर के अशोक बुद्ध विहार से 52 यात्रियों की बस को वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. आरपी मौर्य ने झंडी दिखाकर रवाना किया। तथागत बुद्ध से जुड़ी विश्व प्रसिद्ध धरोहर कुशीनगर के बुद्ध परिनिर्वाण स्थल से जुड़े विभिन्न स्थलों के दर्शन के बाद धम्म यात्रियों का यह जत्था नेपाल के काठमांडू के बुद्ध विहार, पशुपतिनाथ महाविहार, सम्राट अशोक द्वारा निर्मित बुद्ध स्तूपों के दर्शन, लुम्बिनी के बुद्ध जन्मस्थली, अशोक स्तम्भ आदि के दर्शन करेगी। वहां तीन दिन रुकने के पश्चात कपिलवस्तु आदि बौद्ध स्थलों का भ्रमण कर वापस लौटेगी। धम्मयात्रा का नेतृत्व कर रहे शाक्य भगवान शरण मौर्य ने बताया कि इस यात्रा का उद्देश्य तथागत बुद्ध के उपदेशों को आत्मसात करना है। यात्रा में क्षेत्र के सुशील कुमार मौर्य, कमलेश कुमार मौर्य समेत सलोन, कुंडा, मानिक पुर आदि के कुल 52 यात्री शामिल हैं।