शादी की सभी रस्में संपन्न हो जाने के बाद लड़की ने विदा कराने से इन्कार किया

कुलपहाड़(महोबा)
शादी की सभी रस्में संपन्न हो जाने के बाद लड़की ने विदा कराने से इन्कार किया। लड़की ने आरोप लगाया कि लड़का उसको पसंद नहीं है, समाज के लोगों द्वारा लाख समझाने के बावजूद जब बात नहीं बनी, तो पुलिस की उपस्थिति में रजामंदी से वैवाहिक सम्बन्धों को खत्म कर दिया गया।
बुधवार की रात नगर के एक विवाह घर में देवेंद्र कुमार पुत्र स्व० दीनदयाल रैकवार निवासी बस स्टैंड कुलपहाड़ की शादी सुनीता पुत्री राजेंद्र निवासी कुड़ई गुड़ा थाना अजनर के साथ हंसी खुशी से वैवाहिक रस्में संपन्न हुई, वर और वधु पक्ष दोनों की ओर से वरमाला से लेकर अग्नि के सात फेरों तक सभी शादी के कार्यक्रम संपन्न कराए गए। सुबह जब विदा की बारी आई तो लड़की ने लड़के के साथ जाने से साफ मना कर दिया,ये सुनकर दोनों पक्ष के लोग परेशान हो गए और उन्होंने दुल्हन को लाख मनाने की कोशिश की लेकिन वह टस से मस नहीं हुई। सुनीता ने बताया की रात में भीड़ अधिक होने के कारण वह लड़के को ठीक से देख नहीं पाई, कहा कि उसके हाथ कांप रहे थे और वह ठीक से चल नहीं पा रहा था, जिस कारण विदा से इंकार कर दिया। लड़की के पिता राजेंद्र रैकवार ने कहा कि लड़की की जाने की इच्छा नहीं है तो मैं कुछ नहीं कर सकता। इसी बीच पुलिस को सूचना दी गई और मौके पर पहुंचे सब इंस्पेक्टर आरबी शुक्ला ने दोनों पक्षों को बैठकर समझाया लेकिन बात नहीं बनी। बाद में दोनों पक्षों की सहमति पर शादी संबंध लिखा पढ़ी के साथ समाप्त करा दिया गया।