9वें सामूहिक आदर्श विवाह समारोह में 9 जोड़ों की होगी शादी

9वें सामूहिक आदर्श विवाह समारोह में 9 जोड़ों की होगी शादी
-गुडग़ांव मित्र मंडल 30 जनवरी 2020 को कर रहा है आयोजन
-शादी में दिया जायेगा घर की जरूरत का सारा सामान

रिपोर्टर योगेश गुरूग्रामIndia Now24

गुरुग्राम। बसंत पंचमी के शुभ अवसर पर हर वर्ष की तरह इस बार भी गुडग़ांव मित्र मंडल सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन कर रहा है। यह समारोह गुरुवार 30 जनवरी 2020 को होगा, जिसमें इस बार 9 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेंगे। इस आयोजन की तैयारियां जोरों पर हैं।
गुडग़ांव मित्र मंडल के प्रधान ईश्वर मित्तल, महासचिव श्रीचंद गुप्ता और कोषाध्यक्ष प्रवेश गर्ग के मुताबिक यह सामूहिक विवाह समारोह 9वां होगा। यानी पिछले आठ साल से लगातार मंडल की ओर से बसंत पंचमी के मौके पर सामूहिक आदर्श विवाह समारोह आयोजित किये जा रहे हैं। इस साल 9वीं बार यह समारोह आयोजित किया जा रहा है। यह विवाह समारोह सेक्टर-10ए के समाने खांडसा रोड स्थित जे.एन. फेबक्लीन कंपनी (माल्ट कॉम्पाउंड) में होगा। इस 9वें सामूहिक आदर्श विवाह समारोह में 9 जोड़े परिणय सूत्र में बंधेगे। जिनमें दो जोड़े गुरुग्राम से, एक फर्रूखनगर से, एक पलवल से, एक फरीदाबाद से, दो दिल्ली से, एक अलवर से और एक जोड़ा आगरा से है। संस्था के प्रवक्ता अभय जैन एडवोकेट ने बताया कि सभी जोड़ों को घर की जरूरतों का सारा सामान दिया जायेगा। शादी के लिए लड़की की उम्र 18 साल और लड़के की 21 साल निर्धारित है। सभी जोड़ों के कागजातों की जांच-पड़ताल के बाद ही आवेदन स्वीकार किये गये हैं। उन्होंने बताया कि गुरुवार 30 जनवरी 2020 को होने वाले इस समारोह की तैयारियां भव्य तरीके से की जा रही हैं। बेशक यह सामूहिक विवाह समारोह है, लेकिन इसमें दोनों पक्षों के लोगों को आमंत्रित किया गया है। विवाह के दिन भव्य सामूहिक बारात निकाली जायेगी। बारातियों का स्वागत होगा। उसके बाद विवाह की अन्य रस्मों पूरी करके कन्या को विदा किया जायेगा।

इस तरह से रहेगा शेड्यूल
इस सामूहिक आदर्श विवाह समारोह के शेड्यूल के अनुसार सुबह 11 बजे बारात का स्वागत किया जायेगा। उसके बाद दोपहर 12 बजे जयमाला, एक बजे सहभोग और दो बजे शादी की सभी रस्में पूरी होने के बाद विदाई होगी।