गन्ना क्रय केंद्र का डीएम ने किया औचक निरीक्षण

गोंडा। बलरामपुर चीनी मिल के क्रय केंद्र इटियाथोक- सी का डीएम ने औचक निरीक्षण किया।इस दौरान किसानों की समस्याओं को सुनकर निस्तारण करने का आश्वासन दिया।जिलाधकारी डॉ उज्जवल कुमार ने शनिवार दोपहर को चीनी मिल बलरामपुर के क्रय केंद्र इटियाथोक-सी का औचक निरीक्षण किया और वहां की व्यवस्थाओं को परखा।इस दौरान उप जिलाधिकारी सदर वीके सिंह मौजूद रहे।क्रय केंद्र पर तौल कार्य सही मिला।डीएम ने किसानों की समस्याओं का प्रभावी समाधान कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए।साथ ही गन्ना ट्रालों में रिफ्लेक्टर लगाने के सख्त निर्देश दिए।अधिकारियों के सामने धर्म कांटा के शुद्धता की जांच की गई।कांटा सही मिलने के बाद किसानों से पर्ची की जानकारी ली गई।किसानों ने डीएम को मोबाइल पर एसएमएस के माध्यम से मिली पर्चियां दिखाईं।डीएम ने उप प्रबंधक गन्ना धर्मेंद्र सिंह से ईआरपी सिस्टम पर विस्तृत चर्चा की।इसके साथ ही क्रय केंद्र पर मौजूद किसानों से संवाद करते हुए गन्ना उत्पादन से लेकर गन्ना आपूर्ति तक के बारे में आने वाली कठिनाइयों के बारे में जानकारी ली। जिलाधिकारी ने गन्ना प्रजातियों के विस्थापन के प्रयासों, चीनी मिल की पेराई क्षमता की वृद्धि के बारे में जानकारी ली। वरिष्ठ गन्ना विकास अधिकारी दीपेंद्र मिश्र, वरिष्ठ लिपिक चंद्र प्रकाश मिश्र व क्षेत्र के किसान मौजूद रहे।