श्रीराम कथा में संत प्रवर विजय कौशल महाराज करेंगे प्रवचन

गोंडा। जिले के इटियाथोक ब्लॉक क्षेत्र अंतर्गत बेंदुली गांव स्थित स्वामी सर्वदानंद बालिका लघु माध्यमिक विद्यालय के प्रांगण में शनिवार यानी आज से 20 नवंबर तक श्री राम कथा की अमृतमय वर्षा होगी। नौ दिवसीय कथा स्वर्गीय ज्ञान प्रकाश शुक्ल की स्मृति में प्रतिदिन दोपहर एक से चार बजे तक होगी। विख्यात कथा व्यास संत प्रवर विजय कौशल महाराज श्रद्धालुओं को श्रीराम कथा का रसपान करवाते हुए उनके जीवन आदर्शों को अपनाने के लिए लोगों को प्रेरित करेंगे। कथा आयोजक विवेक कुमार शुक्ला उर्फ रामू काफी उत्साहित है उन्होंने पत्रकार वार्ता में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि स्वामी सर्वदानंद बालिका लघु माध्यमिक विद्यालय में करीब पचास से साठ हजार लोगों को कथा सुनने का सौभाग्यशाली अवसर मिलेगा। भव्य पंडाल सजाया गया है। श्रद्धालुओं के बैठने के लिए व्यवस्था की गई है। इटियाथोक कस्बा समेत आसपास के इलाकों से श्रद्धालुओं को कथा श्रवण की सुविधा की गई है। आयोजक श्री शुक्ल का कहना है कि भगवान श्रीराम के जीवन आदर्शों को युवा पीढ़ी तक पहुंचाने की आवश्यकता है। युवाओं को विशेष तौर पर कथा श्रवण करने के लिए आमंत्रित किया गया है। श्रीराम कथा पापों से मुक्ति का मार्ग प्रशस्त करती है। उन्होंने लोगों से आह्वान किया कि अधिक संख्या में पहुंचकर श्रीराम कथा का श्रवण करें और धर्म लाभ उठाएं। इस अवसर पर मुख्य यजमान संध्या शुक्ला, आयोजक राम प्रकाश शुक्ल, वेद प्रकाश शुक्ल, विवेक शुक्ल उर्फ रामू, पंडित अमरजीत तिवारी, पंछी, मोनू तिवारी, रविंद्र शुक्ल, पवन शुक्ल, राजाराम शुक्ल मौजूद रहे।