क्या हुआ ऐसा जा रहे थे यात्रा करने, लेकिन कर ली आत्महत्या

  • बर्तन व्यवसायी ने गोली मारकर कर ली आत्महत्या
  • जयपुर जाने की कर रहे थे तैयारी, ऐसा क्या हुआ जो मार ली गोली

मैनपुरी- शहर के मशहूर बर्तन कारोबारी ने गोली मारकर आत्महत्या कर ली। कारोबारी ने अपनी लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारी। जानकारी मिलते ही परिवारीजन उन्हें जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की खबर मिलते ही पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल से लाइसेंसी रिवाल्वर बरामद की है। कारोबारी द्वारा आत्महत्या किए जाने की खबर से शहर के लोग शोक में डूब गए। घटना की कोई तहरीर पुलिस को नहीं दी गई है।

घटना बुधवार सुबह 8ः30 बजे की है। कोतवाली सदर क्षेत्र के करहल रोड निवासी 55 वर्षीय बर्तन कारोबारी पदमकांत जैन पुत्र प्रेममोहन जैन जयपुर जाने की तैयारी कर रहे थे। सुबह उन्होंने बालों में काली मेहंदी लगाई और नाश्ता करने के लिए कचौड़ी मंगवा ली। इसी दौरान उन्होंने अपने पिता को फोन कर लॉकर खोलने के लिए बुलवाया। पिता ने लॉकर खोल दिया तो उन्होंने लॉकर में से रिवाल्वर निकाली और सिर में गोली मार ली। गोली चलने की आवाज हुई तो परिजन दौड़ पड़े। आसपास के लोगों की भीड़ भी जमा हो गई।

मौत की वजह नहीं बता पाए परिजन

घटना की जानकारी मिलते ही परिवारीजन उन्हें रक्तरंजित अवस्था में जिला अस्पताल लेकर आए। जहां उन्हें मृत घोषित कर दिया गया। घटना की जानकारी पाते ही सीओसिटी संतोष कुमार कोतवाली पुलिस के साथ मौके पर पहुंच गए। बड़ी संख्या में शहर के कारोबारी भी मौके पर जमा हो गए। मृतक दो पुत्रों मोहित और प्राशू तथा एक पुत्री के पिता थे। मृतक ने आत्महत्या क्यों की इसको लेकर कोई ठोस वजह सामने नहीं आयी है।