82 दिन के कार्यकाल में आदिवासी कलेक्टर ने लांघी सीमाएं!

विधानसभा में गूंजा आदिवासीयों के भूमि का मुद्दा

उमरिया। जिले में आदिवासियों की भूमि खरीदी-बिक्री का खेल धड़ल्ले से चल रहा है। यही नहीं उक्त मामलों में कलेक्टरों की कार्य प्रणाली सवालों के घेरे में है। कई जगहों पर आदिवासियों के नाम पर भूमि खरीदी-बिक्री कर इमारतें और कमर्शियल उपयोग में ली गई, तो कई जगहों पर गैर आदिवासियों को ही आदिवासी की भूमि का सौदा कर दिया गया है। उमरिया जिले में आदिवासियों की भूमि की खरीदी-बिक्री का मुद्दा विधानसभा में भी उठाया गया। विधायक पीसी शर्मा ने विधानसभा सत्र के दौरान 23 दिसंबर को उमरिया जिले में 2018-19 में 82 दिन के कार्यकाल में तत्कालीन कलेक्टर अमरपाल सिंह के द्वारा क्रय-विक्रय के लिए दी गई आदिवासीयों की भूमि के अनुमति का मुद्दा उठाया।

विधानसभा मे गूंजा कलेक्टर के कारनामों का मुद्दा:

विधानसभा सत्र के दौरान 23 दिसंबर को ध्यान आकर्षण प्रश्न उठाते हुए, विधायक पी सी शर्मा ने कहा है, कि 2018-19 में तत्कालीन उमरिया कलेक्टर अमर पाल सिंह के द्वारा कार्यकाल के दौरान आदिवासियों की भूमि का सौदा किया है। इसमें 27 दिसंबर 2018 से 18 मार्च 2019 तक के 82 दिनों के कार्यकाल के दौरान जिन आदिवासियों की भूमि खरीदी-बिक्री की गई है, उसमें भ्रष्टाचार की शिकायतें हैं, जिससे भूमि स्वामियों में आक्रोश है। विधानसभा में मुद्दा उठने के बाद राजस्व मामलों में खलबली मच गई, वहीं सूत्रों की माने तो अधिकारी अपने स्तर पर जांच पड़ताल शुरू कर दिए हैं।

गोलमोल दिया गया जवाब :

ख़बर है, कि तत्कालीन कलेक्टर ने चुनाव के पूर्व कुछ दिन के भीतर कई भूमि के लिए अनुमति दी थी, जिसमें कई आदिवासी परिवारों की भूमि शामिल थी। इस मुद्दे को चुनाव के लिए फण्ड एकत्रित करने से भी जोड़ा गया था। सूत्रों के मुताबिक़ 2018-19 में भूमि खरीदी-बिक्री के लिए वर्षों से लंबित प्रकरणों में अनुमतियां देने के बजाय आनन फानन में 82 दिवस के कार्यकाल के दौरान दिए गए आवेदनों में कुछ ख़ास रसूखदारों को अनुमतियां प्रदान की गई थी, जिनमें तत्कालीन कलेक्टर का एक करीबी स्थानीय नेता भी शामिल है। इसे लेकर जिला कलेक्टर कार्यालय में आरटीआई एक्टिविस्ट द्वारा जानकारी चाही गई थी, तो वर्तमान कलेक्टर के द्वारा गोल मोल जवाब दिया गया। किन्तु चाही गई जानकारी आरटीआई कार्यकर्ता को नहीं दी गई। वहीं गोलमोल जवाब देते हुए, शब्दों के भवँर जाल में उलझाकर मामले पर पर्दा डालने का प्रयास किया गया।