मनरेगा मजदूर की कार्य स्थल पर हुई मौत, सीएचसी पर डॉक्टर ने घोषित किया मृतक

शाहगढ़ अमेठी : मनरेगा मजदूरी कार्य कर रहे मजदूर की कार्य स्थल पर ही मौत हो गयी। आनन फानन में इलाज के लिये उसे नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र शाहगढ़ ले जाया गया। जहाँ डॉक्टरों ने मृतक घोषित कर दिया। विदित हो कि मुंशीगंज कोतवाली के पनियार ग्रामसभा में प्रधान प्रतिनिधि द्वारा ग्राम सभा में मनरेगा से कार्य कराया जा रहा था। कार्यस्थल पर कार्य कर रहे सीवन गाँव वासी मोती लाल साहू पुत्र नाथू राम साहू उम्र 55 वर्ष को अचानक गर्मी महसूस हुई, तो वह वही जमीन पर लेट गया। जिसकी हालत को देखते हुये नजदीक के सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले जाया गया। जहाँ डॉक्टर ने उसे मृतक घोषित कर दिया। घटना की जानकारी परिजनों को होने पर कोहराम मच गया।