5 लाख के लोन के लिए किसान से हजारों रुपये लेने का आरोप, बछगांव की UP ग्रामीण बैंक शाखा के प्रबंधक पर गंभीर आरोप

फिरोजाबाद। उत्तर प्रदेश ग्रामीण बैंक की बछगांव शाखा में सरकारी योजना के तहत पांच लाख रुपये का लोन दिलाने के नाम पर किसान से कई बार में हजारों रुपये लेने का आरोप सामने आया है। पीड़ित किसान ने शाखा प्रबंधक पर रकम लेने का आरोप लगाते हुए वीडियो के माध्यम से अपनी पीड़ा सामने रखी है।
पीड़ित अजीत कुमार पुत्र अमर सिंह का कहना है कि उसे सरकारी योजना के तहत पांच लाख रुपये का लोन लेना था। किसान के मुताबिक लोन की प्रक्रिया और कागजी कार्रवाई के नाम पर उससे अलग-अलग समय पर रकम ली गई। उसने बताया कि पहले पांच हजार रुपये, इसके बाद 1500, 2500 और 500 रुपये समेत कई बार पैसे लिए गए।
किसान का आरोप है कि रकम देने के बावजूद करीब ढाई महीने से वह बैंक के चक्कर काट रहा है, लेकिन अभी तक उसे लोन नहीं मिला। पीड़ित का यह भी कहना है कि उसके मूल दस्तावेज बैंक में रखे हुए हैं और उन्हें वापस लेने के लिए भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
वीडियो में किसान अपनी परेशानी बताते हुए मामले की जांच और न्याय की मांग करता नजर आ रहा है। किसान द्वारा लगाए गए आरोपों के बाद बैंक की कार्यप्रणाली को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
हालांकि शाखा प्रबंधक रजत अग्रवाल पर लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि अभी नहीं हुई है। बैंक प्रबंधन या शाखा प्रबंधक की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया है। उनका पक्ष मिलने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।पीड़ित किसान ने पूरे मामले की जांच कराकर दोषी पाए जाने पर कार्रवाई करने और अपने मूल दस्तावेज वापस दिलाए जाने की मांग की है।