अपनों ने किया पराया, गैरों ने फर्ज निभाया,  बेहाल 95 वर्षीय वृद्ध को छोड़ परिजन गायब, 

अपनों ने किया पराया, गैरों ने फर्ज निभाया,
बेहाल 95 वर्षीय वृद्ध को छोड़ परिजन गायब,

सिरसागंज के पालिका चेयरमेन ने दिया आश्रय
सिरसागंज। बीती रात नगर में रिश्तों को तार-तार करने वाली कहानी सामने आयी है। लड़कों ने अपने पिता को घर से बाहर निकाल दिया और एक रिश्तेदार के माध्यम से मीलों दूर अनजान शहर में अकेला छोड़ दिया गया। परेशान हाल वृद्ध के बारे में जिसको भी पता चला वही कलियुगी पुत्रों को कोसने लगा। चेयरमेन ने रहमदिली दिखाते हुए वृद्ध को अपने घर पर आश्रय दिया है।
मामला रविवार की रात का है। खेमगंज के गंगाजी मंदिर के सामने सराफे की दुकान की पटिया पर एक वृद्ध घंटों से अकेले बैठे थे। दुकानदार रंजन गुप्ता ने पूछा तो वे कुछ जवाब नहीं दे सके। दरअसल उन्हें ठीक से सुनाई नहीं पड़ता है। काफी पूछताछ करने पर पता चला कि कोई रिश्तेदार उन्हें यहां छोड़ कर चला गया है।
रात अधिक होने पर आसपास के लोगों को चिंता हुई तो सबने पास ही स्थित नगर पालिका कार्यालय में उन्हें पहुंचा दिया। चेयरमेन सोनी शिवहरे को खबर लगी तो उन्होंने वृद्ध के खाने व ठहरने का प्रबंध किया और सुबह वृद्ध को अपने घर बुलवाकर हालात की जानकारी ली।
चेयरमेन सोनी शिवहरे ने बताया कि उन्होंने जसराना में इस संबंध मंे लोगों के माध्यम से जानकारी जुटाई है। पता चला है कि वृद्ध गांव कोंडर के निवासी हैं। उनके लड़कों ने उन्हें घर से निकाल दिया है। चेयरमेन ने कहा कि वृद्ध को सकुशल घर पहुंचाने की व्यवस्था की जा रही है।