कोविड जागरूकता के बहाने, सरकार पर साधे गये निशाने ! सिरसागंज में शिवपाल ने कसे तंज !!

कोविड जागरूकता के बहाने, सरकार पर साधे गये निशाने
सिरसागंज में शिवपाल ने कसे तंज

सिरसागंज। दस्यु सुंदरी और सपा नेत्री फूलनदेवी हत्याकांड और अफगानिस्तान से पृथ्वीराज चैहान की अस्थियां लाकर चर्चा में आये शेर सिंह राणा की पार्टी राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी के मंच पर शिवपाल सिंह यादव भाजपा की सरकार पर जम कर बरसे। सपा से विद्रोह करके प्रगतिशील पार्टी की स्थापना करने वाले शिवपाल ने कहा कि राजप के साथ मिल कर गरीबों और किसानों को मजबूत करने का काम करेंगे।
शनिवार को गांधी मंडी में कोविड जागरूकता के बैनर तले हुए कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में बोलते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि कोविड के प्रसार के लिए केंद्र की सरकार जिम्मेदार है। अब वैक्सीनेशन के लिए भी मारामारी है। एक करोड़ लोगों को रोजगार का वादा किया था लेकिन कोविड ने करीब 16 करोड़ लोगों को और बेरोजगार कर दिया। सरकर का कोई ध्यान नहीं है। स्कूल खुले नहीं है, पढ़ाई हुई नहीं है। सरकार परीक्षाएं करा रही है।
शिवपाल ने संबोधन में राजनैतिक विद्वेष में जेल भेजकर लोगों को यातनाएं देने का बार-बार आरोप लगाया। आजम खां और पूर्व विधायक अजीम भाई का जिक्र किया। उन्होंने सवाल किया कि क्या आजम खां जैसा बड़ा मंत्री किसी की साइकिल और बकरी चुरा सकता है। जिला पंचायत चुनाव के दौरान लखीमपुर खीरी और सिद्धार्थनगर का नाम लेकर लोकतंत्र की धज्जियां उड़ाने का आरोप लगाया।
शिवपाल ने शेर सिंह राणा के राजनीतिक एजेंडे की कई बार तारीफ की और कहा कि उनके साथ मिलकर इस सरकर को उखाड़ फेंकना है। ये सरकार सांसद और विधायकों के अधिकार छीन रही है। इंदिरा गांधी के इमरजेंसी के बाद जो हालत कांग्रेस की हुई थी, उससे भी खराब हालत भाजपा की होगी।

साझा घोषणापत्र जारी करंेगे
सिरसागंज। शिवपाल यादव ने कहा कि राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी के साथ मिल कर गरीबों, किसानों और बेरोजगारों की लड़ाई के लिए साझाा घोषणापत्र जारी करेंगे। ढाई सौ से तीन सौ यूनिट बिजली फ्री देने की बात कही। विघुत अधिकारियों की मनमानी रोकने की बात कही। हर घर से एक व्यक्ति को रोजगार देने की बात भी कही। शेरसिंह राणा के साथ मिल कर सबको न्याय देने का काम करेंगे।


पार्टी अध्यक्ष ने किया आरक्षण का विरोध
सिरसागंज। राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी की अध्यक्ष सत्यवती राणा ने अपने संक्षिप्त संबोधन में कोविड-19 की जागरूकता के लिए आह्वान किया और आरक्षण के जातीय आधार का विरोध किया। उन्होंने कहा कि जातिगत व्यवस्था के कारण कुछ ही परिवारों को आरक्षण का लाभ मिल रहा है। वहीं आर्थिक आधार पर इस व्यवस्था का व्यापक लाभ समाज को दिया जा सकता है। उनकी पार्टी हर वर्ग के गरीब को मजबूत करने के पक्ष में है। उन्होंने कहा कि शिवपाल सिंह यादव के साथ मिलकर आर्थिक स्थिति के आधार पर गरीबी को हटाएंगे।

कार्यक्रम को लेकर होती रहीं चर्चाएं
सिरसागंज। राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी के कोविड-19 जागरूकता समारोह के विषय एवं आयोजन की व्यवस्थाओं को लेकर चर्चाएं होती रहीं। कार्यक्रम से पूर्व की गईं व्यापक तैयारियों को देखकर लोगों में जिज्ञासा थी कि आखिर कैसा कार्यक्रम होने वाला है। स्थानीय लोगों की अपेक्षा बाहर के ही लोगों की शिरकत अधिक संख्या में दिखाई दी। वहीं कोविड जागरूकता के विषय पर राजनीतिक संबोधन भारी पड़ते दिखाई दिये।

मुख्य अतिथि को मिल गयी थैली
सिरसागंज। राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी का कार्यक्र प्रगतिशील समाजवादी पार्टी के संस्थापक शिवपाल यादव के लिए एक हिसाब से फायदेमंद रहा। उनके पुराने साथी पूर्व पीसीयू चेयरमेन सुल्तान सिंह यादव ने उन्हें एक लाख रुपये की थैली भेंट की। कार्यक्रम को प्रसपा से जुड़े सिरसागंज विधायक हरिओम यादव एवं पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष विजय प्रताप ने भी संबोधित किया।

भारी भरकम मालाओं से हुआ स्वागत
सिरसागंज। राष्ट्रवादी जनलोक पार्टी के कार्यक्रम में मुख्य नेताओं का भारी भरकम मालाओं और पुष्प गुच्छ आदि से जोशीला स्वागत किया गया। आयोजन की मुख्य भूमिका वाले संतोष राघव, विनय सिकरवार और सुधीर तोमर आदि ने शेरसिंह राणा, शिवपाल यादव, सत्यवती राणा, दुष्यंत सिंह, मोहम्मद तस्मीम आदि नेताओं का जोरदा रस्वागत किया।�