40 घायल, एक की मौत... ट्रेन हादसे की झूठी सूचना से मचा हड़कंप, आरोपी गिरफ्तार

कासगंज। 40 लोगों के घायल और एक की मौत की सूचना ने पुलिस और रेलवे में हड़कंप मचा दिया। डायल-112 पर कासगंज के पास दो ट्रेनों के एक्सीडेंट की सूचना दी गई। सूचना मिलते ही जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन जांच में ट्रेन हादसे की बात झूठी निकली। सर्विलांस के जरिए सूचना देने वाले युवक की पहचान कर जीआरपी ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

मामला 12 सितंबर का है। शाम 5:47 बजे डायल-112 पर कॉल कर बताया गया कि कासगंज के पास ट्रेन का ट्रेन से एक्सीडेंट हो गया है। इसमें 40 लोग घायल और एक व्यक्ति की मौत हो गई है। सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने कॉलर से संपर्क करने का प्रयास किया, लेकिन उसने मोबाइल स्विच ऑफ कर लिया और मौके पर भी नहीं मिला।

इसके बाद पुलिस ने कासगंज सिटी रेलवे स्टेशन के स्टेशन मास्टर से जानकारी की। उन्होंने बताया कि ट्रेन हादसे की कोई सूचना नहीं मिली है और संबंधित रेलवे ट्रैक पर ट्रेनों का आवागमन सामान्य रूप से चल रहा है। जांच में डायल-112 पर दी गई सूचना पूरी तरह असत्य पाई गई।

कॉलर के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लगाने के बाद पुलिस ने उसकी पहचान बिजेंद्र पुत्र बचन सिंह निवासी क्यामपुर बहेड़िया, थाना कोतवाली कासगंज के रूप में की। जीआरपी ने रविवार को रेलवे स्टेशन कासगंज के सर्कुलेटिंग एरिया से करीब 35 वर्षीय बिजेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ धारा 126/135/170 बीएनएसएस के तहत कार्रवाई की गई है। उसे कार्यपालक मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया जाएगा।

जीआरपी ने आमजन से अपील की है कि आपातकालीन सेवाओं पर अनावश्यक या झूठी सूचना न दें, क्योंकि ऐसी सूचना से पुलिस और अन्य बचाव एजेंसियों के संसाधन बेवजह प्रभावित होते हैं।

गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष कोमल कुन्तल, उपनिरीक्षक अशोक कुमार, हेड कांस्टेबल विनोद कुमार, हेड कांस्टेबल बनी सिंह और हेड कांस्टेबल सतीश कुमार शामिल रहे।