35 दिवसीय प्रशिक्षण से महिलाओं ने सीखा ब्यूटी पार्लर का हुनर, अब बनेंगी आत्मनिर्भर

�

एसबीआई ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान में प्रशिक्षण का समापन, महिलाओं को बांटे प्रमाण-पत्र; स्वरोजगार के लिए मुद्रा लोन की दी जानकारी

�

नौगाँव ( चम्बल नवराष्ट्र)। महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और उन्हें खुद का रोजगार स्थापित करने के उद्देश्य से भारतीय स्टेट बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) छतरपुर एवं मध्य प्रदेश शासन के राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 35 दिवसीय ब्यूटी पार्लर प्रशिक्षण कार्यक्रम का गुरुवार को समापन हुआ। प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं ने ब्यूटी पार्लर से जुड़ी विभिन्न विधाओं का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया।

�

यह प्रशिक्षण 2 अक्टूबर से 5 नवंबर 2026 तक आयोजित किया गया। इसमें स्व-सहायता समूहों से जुड़ीं एवं गरीबी रेखा के नीचे जीवनयापन करने वाली महिलाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। गेस्ट फैकल्टी सपना रिछारिया ने प्रशिक्षणार्थियों को ब्यूटी पार्लर से संबंधित विभिन्न कार्यों और तकनीकों का प्रशिक्षण दिया। वहीं आरसेटी के सीनियर फैकल्टी शैलेन्द्र सिंह एवं राजाराम कुशवाहा ने महिलाओं को उद्यमिता विकास, व्यवसाय संचालन और स्वरोजगार स्थापित करने से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दीं।

�

प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं को केवल हुनर ही नहीं सिखाया गया, बल्कि उन्हें अपने पैरों पर खड़े होने के लिए आर्थिक रूप से सक्षम बनाने की दिशा में भी मार्गदर्शन दिया गया। इसके तहत प्रधानमंत्री मुद्रा लोन योजना की जानकारी देते हुए ऋण आवेदन भी भरवाए गए, ताकि प्रशिक्षण प्राप्त करने के बाद महिलाएं स्वयं का ब्यूटी पार्लर शुरू कर सकें।

�

समापन कार्यक्रम में आरसेटी सीनियर फैकल्टी शैलेन्द्र सिंह ने प्रशिक्षणार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि प्रशिक्षण का वास्तविक उद्देश्य महिलाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़कर आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने स्वयं का व्यवसाय शुरू करने के लिए बैंक ऋण एवं उपलब्ध वित्तीय सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम के अंत में प्रशिक्षण पूर्ण करने वाली महिलाओं को प्रमाण-पत्र वितरित किए गए।

�

संस्थान के सीनियर फैकल्टी शैलेन्द्र सिंह ने बताया कि आरसेटी छतरपुर में दिनांक 12 नवम्बर 2026 से 23 नवम्बर 2026 तक बकरी पालन, दिनांक 14 नवम्बर 2026 से 25 नवम्बर 2026 तक दिव्यांग जनों के लिए उद्यमिता विकास प्रशिक्षण एवं दिनांक 16 नवम्बर 2026 से 27 नवम्बर 2026 तक सब्जी उत्पादन एवं नर्सरी प्रबंधन प्रशिक्षण आयोजित किए जा रहे हैं।�

�

इस अवसर पर प्रशिक्षणार्थियों ने प्रशिक्षण के दौरान सीखे गए हुनर का उपयोग कर भविष्य में स्वयं का रोजगार स्थापित करने और आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का संकल्प व्यक्त किया। कार्यक्रम में आरसेटी सीनियर फैकल्टी शैलेन्द्र सिंह,फैकल्टी राजाराम कुशवाहा, गेस्ट फैकल्टी सपना रिछारिया सहित सभी महिला प्रशिक्षणार्थी उपस्थित रहीं।