दिल्ली: कॉप्स ऑन व्हील्स साइकिल पर पेट्रोलिंग कर आपराधिक गतिविधियों पर नजर रखेगी

दिल्ली।बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने अपराध पर नियंत्रण लगाने के मकसद से लोगों तक पहुँच बनाने के लिए एक नए पहल की शुरुआत की है। इस पहल का नाम कॉप्स ऑन व्हील्स दिया गया है। इसके माध्यम से दिल्ली पुलिस के जवान अब साईकिल से पेट्रोलिंग कर आपराधिक गतिविधियों पर नजर बनाने का काम करेगी।

राजधानी दिल्ली की पुलिस अपराध पर नियंत्रण लगाने के लिए और समाज के साथ एक बेहतर संबंध स्थापित करने के लिए लगातार प्रयासरत रही है। दिल्ली पुलिस लगातार नई नई योजनाओं और अभियान के माध्यम से जनता को भी जागरूक करने का काम करती है। इसी फेहरिस्त में दिल्ली की बाहरी उत्तरी जिला पुलिस ने अपराध पर अंकुश लगाने के मकसद से लोगों तक पहुँचने के लिए दिल्ली में बढ़ते प्रदूषण के बीच अब साईकिल का सहारा लिया है। दिल्ली पुलिस के जवान अब साईकिल से पेट्रोलिंग कर सड़कों, गलियों और तमाम चौक चौराहों पर निगरानी करेंगे। बाहरी उत्तरी जिला पुलिस के उपायुक्त गौरव शर्मा ने इसका नाम कॉप्स ऑन व्हील्स दिया है।

बाहरी उत्तरी जिला पुलिस उपायुक्त गौरव शर्मा ने इस पर ज्यादा जानकारी देते हुए बताया कि कॉप्स ऑन व्हील्स के माध्यम से बाहरी उत्तरी जिला पुलिस के जवान साईकिल से पेट्रोलिंग कर क्षेत्र की हर जनता तक पहुँच बनाने का काम करेगी। उपायुक्त गौरव शर्मा ने बताया कि साईकिल पेट्रोलिंग के माध्यम से जहां एक ओर पेट्रोल की बचत होगी, तो वहीं दूसरी ओर प्रदूषण पर भी कुछ हद तक लगाम लगाया जा सकेगा। साथ ही पुलिस के जवान अपनी फिटनेस पर भी काम कर सकेंगे।

बहरहाल अब देखने वाली बात यह होगी कि बाहरी उत्तरी जिला पुलिस द्वारा शुरू की गई यह पहल कॉप्स ऑन व्हील्स अपराध पर नियंत्रण लगाने में कितना कामयाब हो पाएगी। साथ ही यह भी देखना लाज़मी होगा कि इस साइकिल पेट्रोलिंग के माध्यम से जनता तक पहुँच बनाने में बाहरी उत्तरी जिला पुलिस कितना सफल होती है।