भीनमाल दुष्कर्म पीड़ित बालिकाओं से मिले जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता,बालिकाओं एवं परिजनों को हर संभव मदद का दिया आश्वासन,पुलिस ने त्वरित कार्यवाही कर चारों नामजद आरोपियों को किया गिरफ्तार

जालोर। जिले के भीनमाल शहर के एक गांव में घटित दो बालिकाओं के साथ दुष्कर्म की घटना की पीड़िताओं एवं उनके परिजनों से सोमवार को जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता मिले तथा हरसंभव मदद का आश्वासन दिया।

बालिकाओं के परिजनों से मिली जानकारी अनुसार शनिवार को घर के बाहर सो रही दोनों बालिकाओं का कुछ लोगों द्वारा अपहरण कर उनके साथ दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया गया तथा उन बालिकाओं को घायलावस्था में निकटवर्ती राजपुरा के पास पहाड़ियों में छोड़ दिया गया। परिजनों की सूचना पर पुलिस ने तलाश करते हुए घायलावस्था में उन्हें अस्पताल पहुंचाया था। भीनमाल के एक अस्पताल में इन दोनों बालिकाओं का उपचार चल रहा है। सोमवार को प्रातः जिला कलक्टर हिमांशु गुप्ता इन दोनों बालिकाओं एवं उनके परिजनों से मिलने पहुंचे। उन्होंने चिकित्सकों एवं अधिकारियों से बालिकाओं के स्वास्थ्य के बारे में विस्तृत जानकारी ली।

जिला कलक्टर ने चिकित्सकों एवं अधिकारियों को पीड़िताओं के लिए बेहतरीन चिकित्सा व्यवस्था तथा उपचार उपलब्ध करवाने के निर्देश दिये। उन्होंने बालिकाओं के परिजनों से वार्ता कर घटनाक्रम के बारे में विस्तार से जानकारी ली तथा हरसंभव मदद का पूर्ण आश्वासन दिया। बालिकाओं तथा उनके परिजनों द्वारा एफआईआर में दर्ज चारों नामजद आरोपियों को पुलिस द्वारा त्वरित कार्यवाही करते हुए गिरफ्तार कर लिया गया है।