स्वतंत्रता सैनानियों के नाम मार्गों का नामकरण उप मुख्य सचेतक महेन्द्र चोधरी ने की जिला कलक्टर के प्रयासों की सराहना

स्वतंत्रता सैनानियों के नाम मार्गों का नामकरण
उप मुख्य सचेतक महेन्द्र चैधरी ने की जिला कलक्टर के प्रयासों की सराहना
नगर पालिका प्रशासन ने आयोजित किए लोकार्पण कार्यक्रम�
नावां में स्वतंत्रता सैनानी किशनलाल शाह के परिजनों ने दान की सवा दो बीघा भूमि
नागौर, 15 अगस्त। देश के 74 वें स्वतंत्रता दिवस समारोह पर आजादी की लड़ाई के सैनानियों की स्मृति में कई काम हुए। एक तरफ जहां सरकारी विद्यालयों में पुस्तकालय कक्षों का नामकरण हुआ वहीं जिले के कई शहरों में स्वतंत्रता सैनानियों की स्मृति में मार्गों का नामकरण भी हुआ।
राजस्थान विधानसभा में उप मुख्य सचेतक महेन्द्र चैधरी ने जिला कलक्टर डाॅ. जितेन्द्र कुमार सोनी द्वारा स्वतंत्रता सैनानियों की पुनीत स्मृति और उनके सम्मान को अक्षुण्ण बनाए रखने के लिए किए गए प्रयासों की सराहना की है। उन्होंने कहा कि देश की आजादी की वर्षगांठ पर स्वतंत्रता सैनानियों के नाम मार्ग के नामकरण और सरकारी विद्यालयों में पुस्तकालय कक्षों का नामकरण किया जाना, उनको सच्ची श्रद्धांजलि है। चैधरी ने नावां में नगरपालिका प्रशासन को जन उपयोगार्थ सवा दो बीघा भूमि दान किए जाने पर स्वतंत्रता सैनानी किशनलाल शाह के परिजनों का आभार जताया है।�
नगर परिषद आयुक्त जोधाराम बिश्नोई ने बताया कि जिले की नावां, कुचामन, लाडनूं तथा परबतसर शहर में स्थानीय नगर पालिका प्रशासन ने विभिन्न जगहों पर स्वतंत्रता सैनानियों की स्मृति में मार्गों का नामकरण किया और वहां लगी नामकरण पट्टिका का लोकार्पण उनके परिजनों से करवाया। सभी कार्यक्रमों में कोविड-19 की रोकथाम व बचाव संबंधी गाइडलाइन की पालना की गई।�
नावां शहर में स्वतंत्रता सैनानी किशनलाल शाह की स्मृति में राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र के सामने की मुख्य सड़क का नामकरण किया गया। स्वतंत्रता सैनानी किशनलाल शाह मार्ग की नामकरण पट्टिका का लोकार्पण उनके पुत्र डाॅ. महावीरप्रसाद शाह, सुरेश तथा अरविंद शाह ने किया। इस अवसर पर पालिका अध्यक्ष सरिता गोधा, पालिका के अधिशासी अधिकारी हेमाराम चैधरी, स्वतंत्रता सैनानी शाह के पौत्र अंकुर शाह सहित पार्षद व गणमान्यजन मौजूद थे। नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी हेमाराम चैधरी ने बताया कि मार्ग नामकरण के बाद अंबेडकर भवन में स्वतंत्रता सैनानी किशनलाल शाह के परिजनों का साफा पहनाकर सम्मान किया गया। इस मौके पर डाॅ. महावीरप्रसाद शाह व उनके भाईयों ने अपने पिता स्वतंत्रता सैनानी किशनलाल शाह की स्मृति में कुचामन रोड पर सवा दो बीघा भूमि नगरपालिका के उपयोगार्थ दान देने की घोषणा की, जिसका सभी ने स्वागत किया व आभार जताया।�
नगरपालिका कुचामन में स्वतंत्रता सैनानी माणिकचंद कोठारी की स्मृति में जवाहर स्कूल के पास पूर्वी दिशा से कल्याण मंडप रोड मुख्य मार्ग का नामकरण करते हुए सांकेतिक ग्रीन बोर्ड लगाय गया। इस मार्ग का लोकार्पण स्वतंत्रता सैनानी की पुत्री मृदुला कोठारी व नगरपालिका अध्यक्ष राधेश्याम गट्टाणी ने किया। इस मौके पर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्रवण चैधरी सहित गणमान्यजन मौजूद रहे।�
इसी प्रकार नगरपालिका परबतसर में शहीद फैज मोहम्मद की स्मृति में मदरसा रोड का नामकरण किया गया। यहां पर ग्रीन सांकेतिक नामकरण पट्टिका लगाई गई। मार्ग नामकरण की इस पट्टिका का लोकार्पण शहीद फैज मोहम्मद के पारिवारिक सदस्य व परबतसर विधायक रामनिवास गावड़िया तथा पालिका अध्यक्ष रूची बोहरा ने किया। इस मौके पर पालिका के अधिशासी अधिकारी श्रवणराम सहित शहर के गणमान्य जन मौजूद रहे।�
इसी प्रकार लाडनूं कस्बे में स्वतंत्रता सैनानी किशनाराम की स्मृति में मार्ग का नामकरण किया गया। पालिका के अधिशासी अधिकारी मेघराज डूडी ने बताया कि स्वतंत्रता सैनानी किशनाराम की स्मृति में मार्ग की नामकरण पट्टिका का लोकार्पण उनके परिजनों से करवाया गया। इस मौके पर जनप्रतिनिधि और शहर के गणमान्य नागरिक मौजूद थे।