मजदूर के शव को छीनकर चलते बने परिवारीजन, पुलिस का छूटा पसीना, कुएं में दबकर हुई थी मौत।

सिरसागंज थाना क्षेत्र के गांव सैफपुर मंे उस समय पुलिस के लिए परेशानी खड़ी हो गई जब चार घंटे की मशक्कत के बाद कुएं से निकाले गये मजदूर के शव को परिजनों ने पुलिस के हाथों से छीन लिया। परिवारीजन शव को कंधे पर डालकर चलते बने। उनके पीछे गांव वालों की भीड़ भी हो ली। ऐसे में अधिकारियों ने धैर्य का परिचय देते हुए कोई बल प्रयोग नहीं किया। काफी दूर तक पुलिस ने उन्हें जाने दिया। उसके बाद सूझबूझ से शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुराने कुंए से ईंटें निकलवाने के लिए मलिखान सिंह पुत्र लक्ष्मण सिंह ने मजदूरों को काम पर लगाया था। कुएं मंे सबसे नीचे नगला बिका कनकपुर थाना बरनाहल जिला मैनपुरी निवासी कल्याण सिंह काम कर रहा था। इसी दौरान कुएं की दीवारों के उपरी हिस्से से मिट्टी भरभरा कर कुएं में आ गिरी। जिससे कल्याण सिंह मिट्टी मंे दब गया। मजदूर के दबते ही मौके पर अफरातफरी मच गयी। आसपास के गांवों की तमाम भीड़ जुट गयी।
सूचना पाकर एसडीएम और पुलिस क्षेत्राधिकारी फायरबिग्रेड की टीम और जेसीबी मशीनें लेकर पहुंचे। दो जेसीबी मशीन और टैक्टर आदि से चार घंटे तक खुदाई करने के बाद मजदूर को निकाला जा सका। लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। वह जीवित नहीं बच सका।
मृत शरीर कुएं से बाहर आते ही परिवार और गांव के लोगों ने हंगामा मचाना शुरु कर दिया। पुलिस ने शव को जैसे तैसे गाड़ी में रखा लेकिन बीच में परिजनों ने शव को पुलिस से छीन लिया और उसे कंधे पर डाल कर चलते बने। मामला बिगड़ता देख पुलिस असमंजस में पड़ गयी। लेकिन अधिकारियों ने धैर्य से काम लिया। उनको शव ले जाने से नहीं रोका। थोड़ी देर बाद परिजनों के पास पहुंच कर एक बार फिर से समझाया और उन्हें मना लिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।

चित्र परिचय: परिजनों के कब्जे से शव को हासिल करने के बाद ग्रामीणों के सहयोग से अपनी गाड़ी की ओर ले जाते हुए।