राजनीति में दस साल वनवास भोगने वाले सांसद कटारा जीत पर इतराएं नहीं : भगोरा


डूंगरपुर।सांसद कनकमल कटारा के बयान पर गुरूवार को पूर्व सांसद ताराचंद भगोरा ने फिर पलटवार किया है। विकास और रेल के मुद्दे पर शुरू हुआ बयानबाजी का द्वंद ठहर नहीं रहा है। भगोरा ने जारी बयान में कहा है कि सांसद कटारा कांग्रेस और भाजपा के विकास कार्यो की तुलना नहीं करें, भाजपा के पास विकास के नाम पर गिनाने को कुछ नहीं है। कांग्रेस के विकास का इतिहास वागड़, प्रदेश और देश की जनता अच्छे से जानती है। सांसद कटारा कांग्रेस के विकास कार्यो का झूठा श्रेय लेने के बाद बौखला गए है।
पूर्व सांसद हार को पचा नहीं पा रहे के बयान पर भगोरा ने सांसद कटारा पर सवाल दागते हुए कहा कि कई चुनाव हारने वाले सांसद कटारा जीत की खुशी में इस कदर डूबे है कि धरातल पर ठोस विकास का आगाज नहीं कर पाएं है। राजनीति में दस साल तक वनवास भोगने वाले कटारा अपनी जीत पर इतराएं नहीं, यह लोकतंत्र है, इसमें हार-जीत दो पहलु है, इस वास्तविकता से उन्हें जल्दी रूबरू होना चाहिए। भगोरा ने कहा कि देश की आजादी के बाद कांग्रेस ने देश-प्रदेश और वागड़ का चहुंमुखी विकास किया है। वागड़ में माही डेम, सोम कमला आंबा बांध, गलियाकोट पुल, सडक़े, रेल कांग्रेस की देन है, भाजपा राज ने केवल कांग्रेस के विकास कार्यो का श्रेय लेने का काम किया है। सांसद कटारा पहले गिरेबां में झांके फिर कांग्रेस के विकास की रफ्तार की बात करें।
भगोरा ने शब्द प्रहार करते हुए कहा कि केंद्र में नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार की रीति-नीति से जनता वाकिफ हो गई है। कोरोना लॉकडाउन में पैदल चले श्रमिकों के पैरो के छाले अगले लोकसभा चुनाव के परिणाम तय करेंगे। सांसद कटारा को यह याद रखना चाहिए कि देश की अवाम ने प्रचंड बहुमत देकर सत्ता सौंपी है, वागड़ क्षेत्र की जनता ने भी सांसद कटारा को मौका दिया है, अब तक सांसद कटारा वागड़ के विकास के नाम पर कुछ नहीं कर पाएं है, शेष बचे कार्यकाल में दो-तीन बड़े कामों की ठीक ढंग से पैरवी करें ताकि वागड़ की जनता स्वयं को ठगा सा महसुस नहीं करें। उन्होंने कहा कि केवल भाषणों और बयानो से सरकार और देश नही चलता, जनहित की योजनाओं और नीतियों ही लंबी रेस का घोड़ा साबित होती है।
भगोरा ने कहा कि जहां विश्व के कई देशों में पेट्रोल और डीजल सस्ती दरों पर मिल रहा है, फिर भारत में ईधन के दामों में इतना उछाल क्यूं। पेट्रोल और डीजल के दामों में लगातार हो रही बढ़ोतरी ने केंद्र सरकार की पोल खोल दी है। चुंकि पेट्रोल-डीजल के दामों में बढोतरी हुई है तो महंगाई फिर बढ़ेगी, क्या केंद्र सरकार और चुने सांसद इसकी जिम्मेदारी लेंगे। उन्होंने कहा कि देश की अर्थव्यवस्था मोदी सरकार ने संभल नहीं पा रही है, इसलिए मनमाने दाम बढ़ाए जा रहे है। चीन भारत को आंख दिखा रहा है, लेकिन 56 इंची सीना कुछ नहीं कर पा रहा है। बिना सत्ता के तत्कालीन यूपीए सरकार पर आरोप लगाने वाले अब बताएं कि सरकार में बैठकर पेट्रोल-डीजल के दामों में बढोतरी का असली कारण क्या है।

कब तक पीटोगे झूठे विकास के ढोल

पूर्व सांसद भगोरा ने डूंगरपुर आएं पूर्व गृहमंत्री गुलाबचंद कटारिया के छ: सालों के विकास के दावे पर कहा कि भाजपा के नेता झूठे विकास के ढोल पीटना कब बंद करेंगे। उन्होंने कहा कि कटारिया भाजपा के वरिष्ठ नेता है, वे जानते है कि कांग्रेस ने देश की आजादी के बाद कितना विकास किया। केंद्र में भाजपा के छ: सालों के कार्यकाल में वागड़-मेवाड़ को क्या मिला। उन्होंने कहा कि भाजपा के राष्ट्रीय नेता केवल कांग्रेस शासित प्रदेशों में सरकार अस्थिर करने का काम करते है, मध्यप्रदेश इसका ताजा उदाहरण है। राजस्थान में भी राज्यसभा चुनाव से पहले भाजपा ने षडयंत्र करने का प्रयास किया लेकिन सफल नहीं हो पाएं। देश की जनता कांग्रेस और भाजपा के इतिहास की समीक्षा करना जानती है। भाषणों से विकास के दावे करने वाले भाजपा नेता सच्चाई को स्वीकार करें।