कोविड-19 के दौरान अपनी बेसिक स्किल पर ध्यान रखें खिलाड़ी:संदीप सिंह हॉकी ग्राऊंड में संदीप सिंह ने दिखाया हॉकी स्टिक का जादू, खेल मंत्री संदीप सिंह ने किया मारकंडेश्वर हॉकी स्टेडियम का दौरा, ख

शाहाबाद मारकंडा,23 जून (विजय कुमार) : हरियाणा के खेल एवं युवा मामले मंत्री संदीप सिंह ने शाहाबाद के मारकंडेश्वर हॉकी स्टेडियम का दौरा किया और देशवासियों को ओलंपिक दिवस की बधाई दी। इस दौरान संदीप सिंह ने अपनी हॉकी स्टिक का जादू भी दिखाया और जूनियर खिलाडियों को हॉकी की बारीकियों के बारे में बताया। खेलमंत्री ने खिलाडियों से कहा कि इस समय में कोविड-19 का प्रकोप जारी है इसलिए खिलाड़ी खेल से दूर न रहकर अपनी बेसिक स्किल का ध्यान रखें। हरियाणा के खेल व खिलाडियों पर विशेष ध्यान रखा जा रहा है और आने वाले समय में प्रदेश के खिलाड़ी सशक्त व साकारात्मक परिणाम दिखाएंगे।
उन्होंने कहा कि कोविड-19 के दौरान खेल मैदानों में खिलाडियों के अलावा बाहरी व्यक्तियों का प्रवेश प्रतिबंधित है। हरियाणा सरकार द्वारा खेल व खिलाडियों को प्रोत्साहित करने के लिए नई योजनाओं को बढ़ावा दिया जा रहा है और प्रदेश में 8 हॉस्टल बनाए गए हैं। शाहाबाद के हॉकी स्टेडियम में हॉस्टल निर्माण भी जल्द होगा। खिलाडियों को किसी भी तरह की समस्या आने पर वह कोच और जिला खेल अधिकारी को तुरंत सूचित करे ताकि उनकी समस्याओं का समाधान हो सके। एक प्रश्न का जवाब देते हुए खेलमंत्री संदीप सिंह ने कहा कि हेड व टेल एक ही सिक्के के दो पहलू हैं और जो भी जिम्मेवारी मिले तो उसे बाखूबी निभाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि शाहाबाद की हॉकी ने दशकों से उम्दा प्रदर्शन किया है और आने वाले समय में भी शाहाबाद की मिट्टी से हॉकी खिलाड़ी निकलते रहने चाहिए। उनका प्रयास होगा कि आने वाले समय में वह स्वयं भी हॉकी प्रतियोगिताओं में खेलते रहे। जिम्मेदारियों के कारण फिलहाल वह हॉकी का अभ्यास नहीं कर पा रहे हैं लेकिन आने वाले दिनों में वह निरंतर हॉकी ग्राऊंड में आकर पसीना बहाएंगे। उन्होंने लॉकडाऊन के दौरान स्ट्रीट डॉग के लिए खाना व वेक्सिनेशन उपलब्ध करवाने पर ईशप्रीत को एक लाख रूपए की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। इस अवसर पर डीएसपी आत्मा राम, जिला खेल एवं युवा कार्यक्रम अधिकारी यशबीरसिंह, कोच अमनदीप सिंह, अंकिता शर्मा, गुरिन्द्र पाल सिंह, इन्द्रपाल कौर, गुरमन्न सिंह सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।
शाहाबाद। जूनियर खिलाडियों को हॉकी की बारीकियों के बारें में बताते खेलमंत्री संदीप सिंह। फोटो 02