भीषण सड़क हादसे में मजदूरों की मौत

राजस्थान से लौट रहे थे सभी मजदूर

औरैया।यूपी के औरैया में शनिवार तड़के हाईवे पर एक ट्रक ने दूसरे ट्रक को टक्कर मार दी। इसमें 24 मजदूरों की मौत हो गई। ये सभी राजस्थान से आ रहे थे। मीडिया में आ रही खबरों के अनुसार मजदूर चूने से भरे एक ट्रक में सवार थे। चिरूहली क्षेत्र के पास पहले से खड़े ट्रक से यह ट्रक टकरा गया। टक्कर के बाद दोनों ट्रक गड्ढे में पलट गए।
औरैया के डीएम अभिषेक सिंह के अनुसार हादसा तड़के करीब 3.30 बजे हुआ। 24 लोगों की मौत हुई है। 20 जख्मी हैं। ज्यादातर लोग बिहार, झारखंड और पश्चिम बंगाल के रहने वाले हैं। हादसे में जख्मी एक मजदूर ने बताया कि ट्रक में 40 लोग सवार थे।
चूना से लदा ट्रक राजस्थान से पश्चिम बंगाल के लिए निकला था। बताया जा रहा है कि इसमें करीब 70 मजदूर सवार थे। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर दुख जताया है। जान गंवाने वाले मजदूरों के परिवारों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है। पुलिस ने बताया कि कुछ मजदूर चूने की बोरियों के नीचे दब गए। कुछ की चपेट में आने से मौत हो गई।
इससे पहले 8 दिन में चार बड़े हादसे, 32 मजदूरों की मौत
बुधवार रात मध्य प्रदेश के गुना में बस और कंटेनर की टक्कर में 8 मजदूरों की मौत हुई। 54 जख्मी हो गए। सभी लोग उत्तरप्रदेश के उन्नाव जा रहे थे। उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में बुधवार देर रात ही रोडवेज की बस ने 6 मजदूरों को कुचल दिया। वहीं, बिहार में भी प्रवासियों की बस ट्रक से टकरा गई, जिसमें दो लोगों की जान चली गई।
महाराष्ट्र में औरंगाबाद के पास रेलवे ट्रैक पर 16 प्रवासी मजदूरों की मालगाड़ी की चपेट में आने से मौत हो गई। सभी मजदूर मध्य प्रदेश जा रहे थे। हादसा औरंगाबाद में करमाड स्टेशन के पास हुआ। घटना उस वक्त हुई, जब मजदूर रेलवे ट्रैक पर सो रहे थे। मृतक मध्य प्रदेश के शहडोल और उमरिया के रहने वाले थे।