कुंए में मिला एक महिला का शव हत्या की आशंका

*देवरिया: कुएं में मिली युवती की कई दिन पुरानी लाश, हत्या की आशंका। देवरिया के रामपुर कारखाना के बरवां मीरछापर गांव के बाहर शुक्रवार को कुएं में एक युवती का शव मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने का बहुत प्रयास किया। मगर पहचान नहीं हो सकी। इस बात की जानकारी होते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई। युवती की हत्या की आशंका जताई जा रही है। शव को कब्जे में लेकर रामपुर कारखाना पुलिस शिनाख्त में जुटी है।

रामपुर कारखाना के बरवां मीरछापर गांव के पश्चिम और पुरैनी गांव के बीच खेत में एक कुंआ है। शुक्रवार की सुबह खेत की तरफ गए कुछ लोगों ने कुंए में एक युवती का शव देखा। उनके शोर मचाने पर जुटे लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पिकेट के सिपाहियों ने इंस्पेक्टर जयन्त कुमार सिंह को मामले की जानकारी दी। मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर ने शव को बाहर निकलवाया। उसकी शिनाख्त कराने की बहुत कोशिश की लेकिन शव की पहचान नहीं हो सकी। पुरैनी गांव की एक महिला को पुलिस ने बुलाकर शिनाख्त कराई। लेकिन उसने पहचानने से इंकार कर दिया। शव काफी सड़ गया था। उसके गले मे एक हरे रंग का दुपट्टा मिला।
हालांकि कपड़े का कलर भी स्पष्ट नहीं हो रहा था। शव कई दिन पहले का लग रहा है। उसके हांथ बंधे हुए लग रहे थे। शव को प्लास्टिक में लपेटा गया था। कुंआ करीब 12 फीट गहरा और सूखा हुआ है। उसमें बारिश का कुछ पानी जमा है। इंस्पेक्टर जयन्त कुमार सिंह ने बताया कि शव पूरी तरह सड़ चुका था। कई दिन पहले उसकी मौत हुई होगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।

अवनीश शंकर राय