Lockdown: राशन-सब्जी मांगने कलेक्ट्रेट पहुंची महिलाएं

सुल्तानपुर. बीजेपी सांसद मेनका गांधी के संसदीय क्षेत्र सुल्तानपुर में लाकडाउन के दौरान राशन और सब्जी न मिलने से परेशान महिलाओं ने कलेक्ट्रेट पहुंचकर डीएम आफिस घेर लिया। इससे प्रशासनिक अधिकारियों में हड़कंप मच गया। डीएम ने तहसीलदार सदर को निर्देशित किया कि तत्काल जाॅच कर यदि पात्र महिलाओं को प्रशासन द्वारा मदद दी जाये।


पूरा मामला जिले के कोतवाली नगर क्षेत्र के करौंदिया देहात चुनहा गांव का है। यहां की मंजू नाम की महिला ने बताया राशन लेने आए हैं। घर पर खाना कुछ नही है बच्चे भूखे मर रहे हैं। सरोजी देवी ने बताया कि डीएम से मिलने आए थे, घर में खाने को राशन नही है। डीएम साहब ने कहा बैठो व्यवस्था करके दिया जाएगा। जाब कार्ड पर भी काम करने के बाद पैसा नही मिला, सरकार जो पैसा दे रही वो भी नही मिला। घर में आठ लोगों का खर्चा है, बाहर कोई निकल नही पा रहा क्या खाए। बुजुर्ग महिला उम्मातुल निसां ने बताया कि राशन नही मिला तो डीएम से मिलने आए हैं। जब से बंदी हुई है कुछ नही मिला है। इसी क्रम में वृद्ध मीरा देवी बताती हैं के घर में एक बेटा पागल है, एक बेटा-बहू अलग रहते हैं। मै सुबह से कुछ खाए नही हूं। हमे खाने को चाहिए। डीएम सी. इंदुमति ने तहसीलदार सदर को निर्देशित किया कि सभी आये हुई महिलाओं के नाम, पता आदि विवरण सहित नोट करें। इसकी तत्काल जाॅच कर यदि पात्र हैं, तो इन सब को प्रशासन द्वारा मदद दी जाये।