जयपुर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया भारतीय रेल लेखा सेवा दिवस, रेल वित्त में AI के उपयोग पर हुआ मंथन

जयपुर। उत्तर पश्चिम रेलवे के लेखा विभाग की ओर से शनिवार, 28 नवंबर 2026 को जयपुर स्थित उमंग रेलवे ऑफिसर्स क्लब में भारतीय रेल लेखा सेवा (IRAS) दिवस हर्षोल्लास और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। प्रधान वित्त सलाहकार बी.एल. मीणा के मार्गदर्शन एवं नेतृत्व में आयोजित समारोह में रेलवे लेखा व्यवस्था के आधुनिकीकरण, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI), डिजिटल कार्यप्रणाली और वित्तीय सुधारों पर विस्तार से चर्चा की गई।

कार्यक्रम में पूर्व सदस्य वित्त, रेलवे बोर्ड श्रीमती रश्मि कपूर, पूर्व महाप्रबंधक श्रीमती सौम्या माथुर और पूर्व प्रधान वित्त सलाहकार संजय लवानिया विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल हुए। इसके अलावा वरिष्ठ लेखा अधिकारी विजय सिंह मीणा, विष्णु बजाज, रूपेश सिंघवी और केसरी मीणा सहित उत्तर पश्चिम रेलवे के विभिन्न मंडलों के IRAS अधिकारी एवं लेखा कर्मचारी मौजूद रहे।

इस वर्ष समारोह की थीम 'उत्कृष्टता की विरासत, सतत परिवर्तन को सक्षम बनाना' रखी गई। इस अवसर पर सेवारत और सेवानिवृत्त अधिकारियों ने भारतीय रेलवे की वित्तीय व्यवस्था को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और प्रभावी बनाने के उपायों पर विचार साझा किए। विशेष अतिथि राजेश कुमार सोधानी ने वेल्थ क्रिएशन विषय पर व्याख्यान देते हुए दीर्घकालिक वित्तीय नियोजन, विवेकपूर्ण निवेश और संसाधनों के बेहतर उपयोग की जानकारी दी।

परिचर्चा में रेल लेखा कार्यों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डेटा एनालिटिक्स के उपयोग, डिजिटल एवं पेपरलेस कार्यप्रणाली, पारदर्शी व्यय प्रबंधन तथा हरित एवं सतत रेल अवसंरचना को बढ़ावा देने वाले वित्तीय सुधारों पर विशेष जोर दिया गया। अधिकारियों ने बताया कि वर्ष 1924 में रेल वित्त के पृथक्करण और 1929 में भारतीय रेल लेखा सेवा की औपचारिक स्थापना के साथ शुरू हुई गौरवशाली परंपरा आज भी रेलवे की वित्तीय व्यवस्था को मजबूती प्रदान कर रही है।

समारोह के समापन पर वरिष्ठ अधिकारियों ने लेखा विभाग की कार्यकुशलता की सराहना की और भविष्य की चुनौतियों को देखते हुए तकनीक आधारित, पारदर्शी एवं परिणामोन्मुखी वित्तीय प्रशासन को और मजबूत बनाने का संकल्प लिया।