ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते: दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने 930 बिछड़े और घर से भागे बच्चों को सुरक्षित पहुंचाया परिजनों तक

बिलासपुर। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) रेल यात्रियों और रेलवे संपत्ति की सुरक्षा के साथ-साथ मानवीय सेवा के क्षेत्र में भी सराहनीय भूमिका निभा रहा है। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के आरपीएफ ने ?ऑपरेशन नन्हें फरिश्ते? के तहत वर्ष 2024 से नवंबर 2026 तक कुल 930 नाबालिग बच्चों को सुरक्षित रेस्क्यू कर उनके परिजनों तक पहुंचाने में सफलता हासिल की है।

रेलवे सुरक्षा बल की ओर से यह अभियान बिलासपुर, रायपुर और नागपुर रेल मंडलों में लगातार संचालित किया जा रहा है। इसके तहत घर से भागे हुए या परिजनों से बिछड़े बच्चों की रेलवे स्टेशनों और ट्रेनों में पहचान कर उन्हें सुरक्षित संरक्षण दिया जाता है। इसके बाद नियमानुसार संबंधित गैर सरकारी संगठनों (एनजीओ) और अभिभावकों की मदद से बच्चों को उनके परिवार तक पहुंचाया जाता है।

आंकड़ों के अनुसार वर्ष 2024 में 300 बच्चों को रेस्क्यू किया गया, जिनमें 188 बालक और 112 बालिकाएं शामिल थीं। वर्ष 2025 में आरपीएफ ने 312 बच्चों को सुरक्षित बचाया। इनमें 184 बालक और 128 बालिकाएं थीं। वहीं, वर्ष 2026 में नवंबर तक 318 बच्चों को रेस्क्यू किया जा चुका है, जिनमें 210 बालक और 108 बालिकाएं शामिल हैं।

इस प्रकार तीन वर्षों से भी कम समय में कुल 930 बच्चों को सुरक्षित सहायता उपलब्ध कराना रेलवे सुरक्षा बल की सतर्कता, संवेदनशीलता और समर्पण को दर्शाता है।

रेलवे सुरक्षा बल के अधिकारी और जवान चौबीसों घंटे रेलवे स्टेशनों एवं ट्रेनों में निगरानी रखते हैं, ताकि किसी भी जरूरतमंद बच्चे को समय रहते सहायता मिल सके। रेलवे सुरक्षा बल का यह अभियान बच्चों की सुरक्षा के साथ सामाजिक जिम्मेदारी निभाने की दिशा में भी महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यात्रियों की सुरक्षा के साथ-साथ बच्चों की मदद और मानवीय सेवा से जुड़े ऐसे अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।