चौथी रेल लाइन का महाप्रबंधक ने किया संरक्षा निरीक्षण

महाप्रबंधक तरुण प्रकाश ने जांजगीर नैला-चांपा के बीच नवनिर्मित चौथी रेल लाइन का किया संरक्षा निरीक्षण

ऑटो सिग्नलिंग प्रणाली और नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य की तैयारियों का लिया जायजा, अधिकारियों को संरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन करने के दिए निर्देश

बिलासपुर। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के महाप्रबंधक श्री तरुण प्रकाश ने गुरुवार को बिलासपुर-झारसुगुड़ा चौथी रेल लाइन परियोजना के अंतर्गत जांजगीर नैला-चांपा स्टेशनों के मध्य नवनिर्मित चौथी रेल लाइन का विस्तृत संरक्षा निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने रेल परिचालन क्षमता बढ़ाने, परिचालन को अधिक सुगम बनाने और यात्री सुरक्षा को मजबूत करने से जुड़ी तैयारियों का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान महाप्रबंधक ने चांपा स्टेशन को नवनिर्मित चौथी रेल लाइन से जोड़ने तथा जांजगीर नैला-चांपा रेलखंड में ऑटो सिग्नलिंग प्रणाली स्थापित करने के लिए प्रस्तावित नॉन-इंटरलॉकिंग (एनआई) कार्य की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने मौके पर पहुंचकर विभिन्न तकनीकी व्यवस्थाओं और कार्ययोजना की बारीकी से जानकारी ली।

इस अवसर पर महाप्रबंधक ने सिग्नलिंग एवं दूरसंचार उपकरणों, रेल लाइन कनेक्टिविटी, परिचालन व्यवस्थाओं, कार्य निष्पादन की योजना और संरक्षा संबंधी प्रावधानों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कार्य निर्धारित मानकों और प्रक्रियाओं के अनुरूप पूरे किए जाएं तथा संरक्षा के प्रत्येक पहलू पर विशेष ध्यान रखा जाए।

उन्होंने संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखने और प्रस्तावित कार्यों को सुनियोजित तरीके से पूरा करने पर जोर दिया। चौथी रेल लाइन और ऑटो सिग्नलिंग प्रणाली से इस रेलखंड की परिचालन क्षमता, रेल यातायात की सुगमता और संरक्षा व्यवस्था को और अधिक मजबूत बनाने में मदद मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान मंडल रेल प्रबंधक बिलासपुर श्री राकेश रंजन, प्रधान मुख्य इंजीनियर, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी (निर्माण), प्रधान मुख्य परिचालन प्रबंधक, प्रधान मुख्य संकेत एवं दूरसंचार इंजीनियर, प्रधान मुख्य विद्युत इंजीनियर सहित मंडल के विभिन्न विभागों के शाखाधिकारी उपस्थित रहे।