वैष्णो देवी यात्रा मार्ग को नशामुक्त बनाने के लिए रियासी पुलिस का बड़ा एक्शन, 160 प्रेगाबालिन कैप्सूल के साथ तीन गिरफ्तार

वैष्णो देवी यात्रा मार्ग को नशामुक्त बनाने के लिए रियासी पुलिस का बड़ा एक्शन, 160 प्रेगाबालिन कैप्सूल के साथ तीन गिरफ्तार

कटड़ा पुलिस की सतर्कता से पकड़े गए तीन संदिग्ध, नशे के अवैध कारोबार के नेटवर्क का पता लगाने में जुटी पुलिस

कटड़ा।मां वैष्णो देवी के पवित्र यात्रा मार्ग की सुरक्षा और पवित्रता बनाए रखने के लिए रियासी पुलिस लगातार सक्रियता के साथ काम कर रही है। नशे के अवैध कारोबार पर अंकुश लगाने के अभियान के तहत कटड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन पोर्टरों को 160 प्रेगाबालिन कैप्सूल के साथ गिरफ्तार किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना कटड़ा की टीम यात्रा मार्ग पर नियमित गश्त और निगरानी कर रही थी। इसी दौरान पुलिसकर्मियों ने तीन संदिग्ध व्यक्तियों को रोककर उनकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान उनके कब्जे से 160 प्रेगाबालिन कैप्सूल बरामद हुए। पुलिस ने तत्काल तीनों को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोहम्मद मंजूर पुत्र बशीर मोहम्मद, अयूब मोहम्मद पुत्र बशीर मोहम्मद और जमाल दीन पुत्र शरीफ मोहम्मद, निवासी गांव सामोले, तहसील टिकरी, जिला ऊधमपुर के रूप में हुई है। इस मामले में पुलिस थाना कटड़ा में एफआईआर संख्या 364/2026 के तहत धारा 223 बीएनएस में मामला दर्ज किया गया है।

नशे के नेटवर्क तक पहुंचने में जुटी पुलिस

पुलिस अब बरामद कैप्सूल के स्रोत का पता लगाने के साथ यह भी जांच कर रही है कि गिरफ्तार आरोपियों का किसी बड़े नशा सप्लाई नेटवर्क से संबंध तो नहीं है। मामले की गहन जांच जारी है।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए पुलिस अलर्ट

रियासी पुलिस ने स्पष्ट किया है कि मां वैष्णो देवी के पवित्र यात्रा मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और निगरानी लगातार मजबूत रखी जाएगी। संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए नियमित गश्त के साथ अचानक जांच अभियान भी जारी रहेंगे।

पुलिस ने श्रद्धालुओं और यात्रा मार्ग पर सेवाएं देने वाले लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान में सहयोग करें। पुलिस की इस कार्रवाई को यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और अनुशासन बनाए रखने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।