सर्द हवाओं के बीच मां वैष्णो देवी यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार, हेलीकॉप्टर-बैटरी कार सहित सभी सेवाएं सुचारु

सर्द हवाओं के बीच मां वैष्णो देवी यात्रा में श्रद्धालुओं का उत्साह बरकरार, हेलीकॉप्टर-बैटरी कार सहित सभी सेवाएं सुचारु

कटड़ा। सर्द हवाओं और गिरते तापमान के बावजूद मां वैष्णो देवी के दर्शन के लिए श्रद्धालुओं का उत्साह लगातार बना हुआ है। देशभर से श्रद्धालु परिवार और मित्रों के साथ बड़ी संख्या में आधार शिविर कटड़ा पहुंचकर मां के दरबार में हाजिरी लगा रहे हैं। सोमवार को भी मौसम सामान्य रहा और दिनभर धूप खिली रही। हालांकि, ठंडी हवाओं के चलते श्रद्धालु गर्म कपड़ों में यात्रा करते नजर आए।

मौसम अनुकूल रहने के कारण मां वैष्णो देवी यात्रा से जुड़ी सभी प्रमुख सेवाएं सुचारु रूप से संचालित हो रही हैं। श्रद्धालुओं को हेलीकॉप्टर, बैटरी कार, रोपवे के साथ घोड़ा, पिट्ठू और पालकी की सुविधा मिल रही है। इससे बुजुर्गों और जरूरतमंद श्रद्धालुओं को भी यात्रा पूरी करने में सहूलियत हो रही है। यात्रा मार्ग पर सुरक्षा और सुविधाओं के बीच श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते हुए भवन की ओर बढ़ रहे हैं।

भवन से भैरव घाटी तक श्रद्धालुओं की चहल-पहल

मां वैष्णो देवी भवन पहुंचकर श्रद्धालु विधिवत दर्शन कर परिवार की सुख-समृद्धि, खुशहाली और शांति की कामना कर रहे हैं। इसके साथ ही श्रद्धालु यात्रा मार्ग पर स्थित अन्य धार्मिक स्थलों के दर्शन और पवित्र गर्भ जून गुफा में माथा टेककर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं। मां के दर्शन के बाद बड़ी संख्या में श्रद्धालु भैरव घाटी पहुंचकर बाबा भैरवनाथ के दर्शन भी कर रहे हैं।

यात्रा पूरी करने के बाद श्रद्धालु आधार शिविर कटड़ा के बाजारों में खरीदारी कर रहे हैं। बाजारों में प्रसाद, माता की चुनरी और अन्य धार्मिक सामान की दुकानों पर रौनक देखने को मिल रही है। इससे कटड़ा में धार्मिक उत्साह के साथ व्यापारिक गतिविधियां भी बनी हुई हैं।

रोजाना 20 से 25 हजार श्रद्धालु पहुंच रहे मां के दरबार

वर्तमान में मां वैष्णो देवी यात्रा में प्रतिदिन करीब 20 हजार से 25 हजार श्रद्धालु दर्शन कर रहे हैं। वहीं शुक्रवार, शनिवार और रविवार को सप्ताहांत के दौरान श्रद्धालुओं की संख्या बढ़कर 28 हजार से 35 हजार तक पहुंच रही है। ठंड बढ़ने के बावजूद यात्रा में श्रद्धालुओं की अच्छी संख्या देखने को मिल रही है।

आंकड़ों के अनुसार रविवार को करीब 24,200 श्रद्धालुओं ने मां वैष्णो देवी के चरणों में हाजिरी लगाई। वहीं सोमवार को दोपहर 3 बजे तक लगभग 18 हजार श्रद्धालु पंजीकरण करवाकर भवन की ओर रवाना हो चुके थे। इसके बाद भी कटड़ा पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का सिलसिला जारी रहा।

कुल मिलाकर सर्द मौसम के बीच भी मां वैष्णो देवी की यात्रा पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ जारी है। मौसम सामान्य रहने और यात्रा से जुड़ी सुविधाएं सुचारु होने से श्रद्धालु बिना किसी बड़ी परेशानी के मां के दरबार में पहुंचकर आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।