लुधियाना स्टेशन पर दोहरीकरण कार्य से रेल यातायात प्रभावित, 39 ट्रेनें रद्द, कई के बदले रास्ते

लुधियाना स्टेशन पर दोहरीकरण कार्य से रेल यातायात प्रभावित, 39 ट्रेनें रद्द, कई के बदले रास्ते

उत्तर रेलवे ने जारी की ट्रेनों की सूची, कुछ ट्रेनें बीच रास्ते में समाप्त होंगी तो कई 4 घंटे तक देरी से चलेंगी

उत्तर रेलवे के लुधियाना जंक्शन पर दोहरीकरण कार्य के चलते रेल यात्रियों की परेशानी बढ़ सकती है। लुधियाना-फिरोजपुर कैंट और लुधियाना-धूरी जंक्शन रेलखंड पर दोहरीकरण कार्य के लिए प्री नॉन-इंटरलॉकिंग और नॉन-इंटरलॉकिंग ब्लॉक लिया जाएगा। इसके चलते दिसंबर 2026 से जनवरी 2027 तक अलग-अलग तिथियों में बड़ी संख्या में ट्रेनों का संचालन प्रभावित रहेगा। रेलवे ने 39 ट्रेनों को रद्द करने के साथ कई ट्रेनों को आंशिक रूप से संचालित करने, मार्ग परिवर्तित करने और देरी से चलाने का निर्णय लिया है।

उत्तर रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी हिमांशु शेखर उपाध्याय ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर प्रभावित ट्रेनों की जानकारी दी है। रेलवे के अनुसार जाखल-लुधियाना, लुधियाना-फिरोजपुर कैंट, हिसार-लुधियाना और लुधियाना-चूरू सहित कई रेल सेवाएं अलग-अलग तिथियों पर रद्द रहेंगी। ट्रेन संख्या 54053/54054 जाखल-लुधियाना 31 दिसंबर 2026 से 8 जनवरी 2027 तक रद्द रहेगी। वहीं ट्रेन संख्या 54051/54052 लुधियाना-फिरोजपुर कैंट भी निर्धारित तिथियों पर नहीं चलेगी।

इसके अलावा ट्रेन संख्या 54603/54606 हिसार-लुधियाना और ट्रेन संख्या 54604/54605 लुधियाना-चूरू का संचालन भी प्रभावित रहेगा। नई दिल्ली-लोहियां खास, नई दिल्ली-फिरोजपुर कैंट, बांद्रा टर्मिनस-जम्मूतवी और नई दिल्ली-श्री माता वैष्णो देवी कटरा जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनें भी अलग-अलग तिथियों पर रद्द रहेंगी। इनके अलावा अंबाला कैंट-लुधियाना, लुधियाना-छेहरटा, चंडीगढ़-अमृतसर, अमृतसर-नांगल डैम, दिल्ली-अमृतसर और हरिद्वार-अमृतसर सहित कुल 39 ट्रेनों को रद्द करने की सूची में शामिल किया गया है।

कई ट्रेनें बीच रास्ते से लौटेंगी

दोहरीकरण कार्य के चलते कुछ ट्रेनों को उनके निर्धारित गंतव्य तक नहीं चलाया जाएगा। ट्रेन संख्या 74962 फिरोजपुर कैंट-लुधियाना 31 दिसंबर से 8 जनवरी तक मुल्लांपुर स्टेशन पर ही समाप्त होगी। ट्रेन संख्या 54576 लोहियां खास-लुधियाना 6 से 8 जनवरी तक लाधोवाल और ट्रेन संख्या 74966 लोहियां खास-लुधियाना फिल्लौर जंक्शन पर समाप्त होगी। वापसी दिशा में कुछ ट्रेनें मुल्लांपुर और फिल्लौर से ही अपनी यात्रा शुरू करेंगी। इससे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ सकती है।

कई ट्रेनों के बदले जाएंगे रास्ते

रेलवे ने कई लंबी दूरी की ट्रेनों के मार्ग में भी बदलाव किया है। ट्रेन संख्या 14720 अमृतसर-बीकानेर 1 और 8 जनवरी को जालंधर सिटी-कपूरथला-लोहियां खास-फिरोजपुर कैंट के रास्ते संचालित होगी। इस दौरान लुधियाना, जगरांव और मोगा स्टेशन पर इसका ठहराव नहीं होगा।

वहीं ट्रेन संख्या 11057/11058 मुंबई सीएसएमटी-अमृतसर 20 नवंबर से 6 जनवरी तक परिवर्तित मार्ग से चलेगी। इस दौरान पटियाला, नाभा, धूरी, मलेरकोटला और अहमदगढ़ स्टेशनों पर ठहराव नहीं होगा। इसके अलावा अजमेर-अमृतसर, जम्मूतवी-नांदेड़, जम्मूतवी-बांद्रा और इंदौर-उधमपुर सहित कई अन्य ट्रेनें भी परिवर्तित मार्ग से संचालित की जाएंगी।

कई ट्रेनें 4 घंटे तक देरी से चलेंगी

निर्माण कार्य के चलते कई ट्रेनों के प्रस्थान समय में भी बदलाव किया गया है। ट्रेन संख्या 11058 अमृतसर-मुंबई 22, 23 और 24 नवंबर के साथ 15 दिसंबर तथा 29 दिसंबर से 8 जनवरी तक 90 मिनट की देरी से चलेगी। यह ट्रेन सुबह 08:50 बजे के स्थान पर 10:20 बजे रवाना होगी।

इसी तरह ट्रेन संख्या 15707 कटिहार-अमृतसर 4 से 6 जनवरी तक 240 मिनट और ट्रेन संख्या 12919 डॉ. अंबेडकर नगर-कटरा 5 से 7 जनवरी तक 180 मिनट की देरी से चलेगी। हापा-कटरा, जामनगर-कटरा और बांद्रा-कटरा सहित कई अन्य ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है। कुल 34 ट्रेनों को अलग-अलग तिथियों में 20 मिनट से लेकर 4 घंटे तक देरी से चलाया जाएगा या रास्ते में नियंत्रित किया जाएगा।

रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा शुरू करने से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति, निर्धारित मार्ग और प्रस्थान समय की जानकारी अवश्य प्राप्त कर लें। इसके लिए यात्री रेलवे की वेबसाइट, एनटीईएस ऐप या हेल्पलाइन नंबर 139 का उपयोग कर सकते हैं, ताकि यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।