मतदाता जोड़ो अभियान को लेकर भाजपा की बैठक, पात्र नागरिकों के नाम सूची में जुड़वाने पर जोर

कासगंज। भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यालय पर गुरुवार को कासगंज विधानसभा क्षेत्र की मतदाता जोड़ो अभियान संबंधी संगठनात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान की रूपरेखा, बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की सक्रियता और पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में शामिल कराने की रणनीति पर चर्चा हुई।

भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा की अध्यक्षता में हुई बैठक में क्षेत्रीय मंत्री डीएस लोधी और विधानसभा प्रभारी शैलेन्द्र विक्रम पाल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वक्ताओं ने कहा कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में शामिल कराना संगठन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसके लिए कार्यकर्ता बूथ स्तर पर सक्रियता बढ़ाएं और नए मतदाताओं को जोड़ने के साथ ही पात्र लोगों को मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए प्रेरित करें।

जिला मतदाता जोड़ो अभियान संयोजक प्रदीप वर्मा और विधानसभा बीएलए शरद गुप्ता ने अभियान की आगामी कार्ययोजना और प्रभावी संचालन को लेकर सुझाव रखे। बैठक में संगठन की मजबूती और प्रत्येक पात्र मतदाता तक पहुंच बनाने पर भी जोर दिया गया।

इस दौरान डॉ. ज्ञान प्रकाश गुप्ता, पालिका अध्यक्ष मीना महेश्वरी, रामेश्वर दयाल मैहर, गौरी शंकर शर्मा, रमेश साहू, आकाश दीप रानू, डॉ. योगेंद्र चौहान, राम निवास राजपूत, राजवीर भल्ला, अनुरोध प्रताप, शिवकुमार भारद्वाज सहित विधानसभा क्षेत्र के मंडल अध्यक्ष और पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।