त्योहारी सीजन में फिरोजपुर मंडल का शानदार प्रदर्शन, 58 लाख यात्रियों ने किया सफर

त्योहारी सीजन में फिरोजपुर मंडल का शानदार प्रदर्शन, 58 लाख यात्रियों ने किया सफर

58 लाख यात्रियों को मिली सुगम यात्रा सुविधा

फिरोजपुर। त्योहारी सीजन के दौरान यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए फिरोजपुर रेल मंडल ने शानदार प्रदर्शन किया। वर्ष 2026 के त्योहारी सीजन में मंडल ने लगभग 58 लाख यात्रियों को सुरक्षित और सुगम यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई। पिछले वर्ष इसी अवधि में 49 लाख यात्रियों ने सफर किया था। इस बार यात्रियों की संख्या में करीब 9 लाख की वृद्धि दर्ज की गई।

यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए रेलवे ने विशेष ट्रेनों का संचालन करने के साथ नियमित ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए। वर्ष 2026 के त्योहारी सीजन में फिरोजपुर मंडल और समन्वयकारी मंडलों की ओर से कुल 168 विशेष ट्रेन फेरे संचालित किए गए, जबकि पिछले वर्ष 128 फेरे संचालित हुए थे।

मंडल में प्रतिदिन यात्रा करने वाले यात्रियों की संख्या भी बढ़कर लगभग 1.28 लाख पहुंच गई, जबकि पिछले वर्ष यह संख्या 1.10 लाख थी। इस प्रकार प्रतिदिन करीब 17,500 अतिरिक्त यात्रियों को यात्रा सुविधा मिली। कुल यात्रियों में लगभग 56 लाख ने नियमित रेल सेवाओं और 1.54 लाख यात्रियों ने मांग के आधार पर संचालित विशेष ट्रेनों से सफर किया।

इसके अलावा अधिक भीड़ वाले मार्गों पर यात्रियों की सुविधा के लिए नियमित ट्रेनों में 77 अतिरिक्त कोच लगाए गए, जबकि पिछले वर्ष 54 कोच लगाए गए थे। इस तरह अतिरिक्त कोच लगाने में करीब 43 प्रतिशत की वृद्धि हुई।

मंडल रेल प्रबंधक संजीव कुमार ने बताया कि विशेष ट्रेनों के संचालन, अतिरिक्त कोच लगाने और यात्रियों की मांग की वास्तविक समय में निगरानी जैसे कदमों से त्योहारी सीजन में लाखों यात्रियों को बेहतर और विश्वसनीय रेल यात्रा सुविधा उपलब्ध कराई गई।