त्योहारों में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे चलाएगा 11 विशेष ट्रेनें, गोरखपुर, छपरा से मुंबई, दिल्ली और गुजरात के लिए मिलेगी राहत

त्योहारों में यात्रियों की सुविधा के लिए रेलवे चलाएगा 11 विशेष ट्रेनें, गोरखपुर, छपरा से मुंबई, दिल्ली और गुजरात के लिए मिलेगी राहत

यात्रियों की भीड़ देखते हुए रेलवे ने चलाईं विशेष ट्रेनें

यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को देखते हुए रेल प्रशासन ने सुगम और आरामदायक यात्रा सुविधा उपलब्ध कराने के लिए 11 विशेष ट्रेनों के संचालन का निर्णय लिया है। इन ट्रेनों के माध्यम से उत्तर प्रदेश और बिहार के विभिन्न शहरों को दिल्ली, मुंबई, गुजरात, पुणे और दक्षिण भारत के प्रमुख शहरों से जोड़ा जाएगा। विशेष ट्रेनों के संचालन से त्योहारों के दौरान घर लौटने और दूसरे शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों को राहत मिलेगी।

रेलवे द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार छपरा से उधना के लिए ट्रेन संख्या 05115 का संचालन 19 नवंबर को एक फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन छपरा से शाम 6:20 बजे रवाना होकर बलिया, रसड़ा, मऊ, आजमगढ़, शाहगंज, जौनपुर, वाराणसी, मिर्जापुर, प्रयागराज छिवकी, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, खंडवा और भुसावल सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए अगले दिन सुबह 5:20 बजे उधना पहुंचेगी।

गोरखपुर से दिल्ली के बीच ट्रेन संख्या 05051 का संचालन 19 नवंबर को तथा वापसी में ट्रेन संख्या 05052 का संचालन 20 नवंबर को किया जाएगा। गोरखपुर से यह ट्रेन दोपहर 2:40 बजे रवाना होकर खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, बुढ़वल, बाराबंकी, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, टूंडला और गाजियाबाद होते हुए अगले दिन सुबह 8:20 बजे दिल्ली पहुंचेगी। वापसी में दिल्ली से सुबह 11:10 बजे रवाना होकर अगले दिन सुबह 5:05 बजे गोरखपुर पहुंचेगी।

गोरखपुर से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के लिए ट्रेन संख्या 05041 का संचालन 19 नवंबर को किया जाएगा। यह ट्रेन गोरखपुर से शाम 7:30 बजे रवाना होकर खलीलाबाद, बस्ती, गोंडा, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, उरई, झांसी, बीना, भोपाल, इटारसी, खंडवा, भुसावल, मनमाड, नासिक रोड और कल्याण होते हुए अगले दिन सुबह 6:40 बजे लोकमान्य तिलक टर्मिनस पहुंचेगी।

छपरा से लोकमान्य तिलक टर्मिनस के बीच ट्रेन संख्या 05055 का संचालन 18 नवंबर को तथा वापसी में ट्रेन संख्या 05056 का संचालन 20 नवंबर को होगा। वहीं छपरा से दिल्ली के लिए ट्रेन संख्या 05053 का संचालन 18 नवंबर को एक फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन सीवान, थावे, तमकुही रोड, पडरौना, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, टूंडला और गाजियाबाद होते हुए दिल्ली पहुंचेगी।

इसके अलावा मऊ से बांद्रा टर्मिनस के लिए ट्रेन संख्या 05075 का संचालन 18 नवंबर को किया जाएगा। यह ट्रेन मऊ से रात 8:40 बजे रवाना होकर बेल्थरा रोड, भटनी, देवरिया सदर, गोरखपुर, बस्ती, गोंडा, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, आगरा, गंगापुर सिटी, कोटा, रतलाम, बड़ोदरा, सूरत और वापी होते हुए बांद्रा टर्मिनस पहुंचेगी।

गोरखपुर से उधना के लिए ट्रेन संख्या 05017 का संचालन भी 18 नवंबर को एक फेरे के लिए होगा। यह ट्रेन सुबह 7:35 बजे गोरखपुर से रवाना होकर बस्ती, गोंडा, बाराबंकी, लखनऊ, कानपुर सेंट्रल, टूंडला, आगरा, गंगापुर सिटी, कोटा, रतलाम, बड़ोदरा और सूरत होते हुए अगले दिन सुबह 11:50 बजे उधना पहुंचेगी।

बिहार से दक्षिण भारत और गुजरात जाने वाले यात्रियों के लिए भी विशेष ट्रेनें चलाई जाएंगी। दानापुर से बेंगलुरु कैंट के लिए ट्रेन संख्या 03223 का संचालन 17 नवंबर को एक फेरे के लिए किया जाएगा। यह ट्रेन आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सतना, कटनी, जबलपुर, इटारसी, नागपुर, विजयवाड़ा, गुडूर और काटपाडी होते हुए बेंगलुरु पहुंचेगी।

पटना से अहमदाबाद के लिए ट्रेन संख्या 03227 का संचालन 17 नवंबर को तथा राजगीर से अहमदाबाद के लिए ट्रेन संख्या 03237 का संचालन 18 नवंबर को किया जाएगा। इन ट्रेनों का ठहराव दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, मानिकपुर, बांदा, खजुराहो, बीना, भोपाल, इटारसी, भुसावल, नंदुरबार और सूरत सहित प्रमुख स्टेशनों पर होगा।

वहीं पटना और पुणे के बीच भी विशेष ट्रेन चलाई जाएगी। ट्रेन संख्या 03239 पटना से 18 नवंबर को रवाना होगी, जबकि वापसी में ट्रेन संख्या 03240 पुणे से 20 नवंबर को चलेगी। दोनों दिशाओं में यह ट्रेन दानापुर, आरा, बक्सर, पंडित दीनदयाल उपाध्याय जंक्शन, प्रयागराज छिवकी, सतना, जबलपुर, इटारसी और भुसावल सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी।

रेलवे की इस पहल से उत्तर प्रदेश और बिहार के यात्रियों को दिल्ली, मुंबई, गुजरात, पुणे और दक्षिण भारत की यात्रा में अतिरिक्त सुविधा मिलेगी।