जम्मू मंडल में डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0 का सफल आयोजन, 35 पेंशनभोगियों ने उठाया लाभ

जम्मू। उत्तर रेलवे के जम्मू मंडल द्वारा सेवानिवृत्त रेलवे कर्मचारियों और पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र अभियान 5.0 का सफल संचालन किया जा रहा है। 1 नवंबर से शुरू हुआ यह विशेष अभियान 30 नवंबर 2026 तक जारी रहेगा। इसके तहत मंडल के प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर विशेष शिविर लगाकर पेंशनभोगियों को डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा करने की सुविधा दी जा रही है।

वरिष्ठ कार्मिक अधिकारी के मार्गदर्शन और सहायक कार्मिक अधिकारी सुनील कुमार बडोनी की अध्यक्षता में आयोजित इन शिविरों में 1 से 17 नवंबर तक करीब 35 सेवानिवृत्त रेलकर्मियों और उनके परिजनों ने भाग लेकर डिजिटल जीवन प्रमाण पत्र जमा कराया है। शिविरों में रेलवे कर्मचारियों द्वारा फेस ऑथेंटिकेशन, बायोमेट्रिक प्रणाली और जीवन प्रमाण ऐप के माध्यम से प्रमाण पत्र जमा करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही बुजुर्ग पेंशनभोगियों के प्रमाण पत्र मौके पर ही तैयार कराए जा रहे हैं।

इस अभियान का उद्देश्य पेंशनभोगियों को सरकारी कार्यालयों और बैंकों के चक्कर लगाने से राहत दिलाना तथा डिजिटल सुविधाओं को बढ़ावा देना है। अब पेंशनभोगी घर बैठे ही आसानी से अपना जीवन प्रमाण पत्र जमा कर सकेंगे। शिविरों के सफल आयोजन में जम्मू मंडल के कार्मिक विभाग के सभी मुख्य कल्याण निरीक्षकों का सराहनीय योगदान रहा।