सहसवान में खेत में खड़ी लहटा की फसल पलटने का आरोप, विरोध करने पर बटाईदार को दी जान से मारने की धमकी

सहसवान में खेत में खड़ी लहटा की फसल पलटने का आरोप, विरोध करने पर बटाईदार को दी जान से मारने की धमकी

�

राजस्व टीम और पुलिस की मौजूदगी में हुई थी जमीन की पैमाइश, महिला ने तीन लोगों के खिलाफ दी शिकायत

�

सहसवान (बदायूं)। थाना सहसवान क्षेत्र में जमीन से जुड़े विवाद के बीच खेत में खड़ी लहटा की फसल को कथित रूप से पलटकर नुकसान पहुंचाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि तीन लोगों ने एक महिला के खेत में पहुंचकर फसल को नष्ट कर दिया। जब खेत की देखरेख कर रहे बटाईदार ने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट पर उतारू हो गए और दोबारा खेत पर आने पर जान से मारने की धमकी दी। घटना के बाद पीड़ित महिला ने थाना सहसवान पुलिस को लिखित शिकायत देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

�

मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता संतोष रानी पत्नी गंगा सिंह, निवासी मोहल्ला अकबराबाद, तहसील सहसवान की ग्राम भमरौलिया में कृषि भूमि है। संतोष रानी का कहना है कि उनकी जमीन को लेकर पहले विवाद चल रहा था। इसी क्रम में करीब एक माह पूर्व राजस्व विभाग की टीम और पुलिस की मौजूदगी में संबंधित भूमि की विधिवत पैमाइश कराई गई थी। पैमाइश के बाद उन्होंने जमीन पर कब्जा प्राप्त कर उसमें लहटा की फसल की बुवाई कराई थी। महिला के मुताबिक, जमीन की पैमाइश के दौरान बनाए गए फोटो और वीडियो भी उनके पास सुरक्षित हैं।

�

संतोष रानी ने अपनी उक्त कृषि भूमि ग्राम कुकरईया निवासी देवी सिंह पुत्र शंकर को बटाई पर दे रखी है। शिकायत के अनुसार, मंगलवार 17 नवंबर 2026 को सुबह करीब 10 बजे ग्राम भमरौलिया निवासी सत्यवीर, सुनील और अनिल पुत्रगण ओमपाल कथित रूप से खेत पर पहुंचे और वहां खड़ी लहटा की फसल को पलट दिया। इससे खेत में तैयार हो रही फसल को नुकसान पहुंचा।

�

बताया गया कि जब बटाईदार देवी सिंह को खेत में फसल पलटे जाने की जानकारी मिली तो वह तत्काल मौके पर पहुंचे और आरोपियों की इस कार्रवाई का विरोध किया। आरोप है कि विरोध करने पर तीनों लोगों ने देवी सिंह के साथ अभद्रता और गाली-गलौज शुरू कर दी। देखते ही देखते मामला विवाद की स्थिति में पहुंच गया। शोर-शराबा सुनकर आसपास के खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे और बीच-बचाव कर देवी सिंह को आरोपियों से बचाया।

�

शिकायत में आगे आरोप लगाया गया है कि जाते समय तीनों लोग देवी सिंह को दोबारा खेत पर आने पर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। इसके बाद देवी सिंह ने पूरी घटना की जानकारी जमीन की स्वामिनी संतोष रानी को दी।

�

महिला का आरोप है कि घटना की जानकारी मिलने के बाद जब उन्होंने संबंधित लोगों को फोन कर खेत में खड़ी फसल को नुकसान पहुंचाने के संबंध में जानकारी मांगी तो आरोपियों ने उनके साथ भी फोन पर गाली-गलौज की। इससे महिला और उनका परिवार भयभीत है।

�

संतोष रानी ने अपनी शिकायत में विवादित कृषि भूमि के खसरा नंबर 119/1, 171/3, 235/4, 235/5, 247/0, 270/1, 286/1, 271/1, 272/2 और 234/5 का उल्लेख करते हुए पूरे मामले की जांच कराकर आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई किए जाने की मांग की है।

�

पुलिस का पक्ष: इस संबंध में थाना सहसवान के इंस्पेक्टर नरेश कुमार सिंह ने बताया कि मामले में शिकायत प्राप्त हुई है। प्रकरण की जांच कराई जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

�

फिलहाल मामला जमीन की पैमाइश के बाद दोबारा फसल को लेकर हुए विवाद से जुड़ा बताया जा रहा है। अब पुलिस जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा कि खेत में फसल को नुकसान पहुंचाने और धमकी देने के आरोपों में कितनी सच्चाई है।